Uttarakhand
पौड़ी में एसआईआर कार्य अंतिम चरण में, गुणवत्ता के साथ प्रपत्रों के निस्तारण पर जोर
पौड़ी गढ़वाल : जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से आगे बढ़ रहा है। एसआईआर का कार्य अब अंतिम चरण में है। पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।
एसआईआर के प्रथम चरण में टेबल टॉक के माध्यम से वर्ष 2003 से 2025 तक के मतदाता विवरण का मिलान किया गया। दूसरे चरण में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाए गए, जबकि तीसरे चरण में जिन मतदाताओं के नाम अथवा विवरण में विसंगतियां पाई गईं, उनके निराकरण के लिए नोटिस जारी किए गए।
बीएलओ ललिता रावत ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। वहीं बीएलओ रिंकी रावत ने बताया कि एसआईआर का कार्य शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। जिन मतदाताओं के दस्तावेज अपूर्ण पाए गए हैं, उनके दस्तावेज पूरे करवाए जा रहे हैं, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा एसआईआर कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जिन मतदाताओं द्वारा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए थे, उन्हें दस्तावेज प्रस्तुत करने का दूसरा अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर से संबंधित कार्यों को पूरा कर रहे हैं। साथ ही नो-मैपिंग वाले मामलों की भी समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि एसआईआर प्रपत्रों का निस्तारण निर्धारित प्रारूप, आवश्यक सत्यापन और गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में केवल संख्या पर ही नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रपत्र की शुद्धता एवं प्रक्रिया के सही अनुपालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए पूरी प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया जा रहा है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर से संबंधित सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि पुनरीक्षण कार्य व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।
