Uttarakhand
डोईवाला चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया शुभारंभ
डोईवाला : रविवार को डोईवाला चीनी मिल में नए पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हो गया। 25 लाख कुंतल गन्ने की पेराई के लक्ष्य के साथ मिल की मशीनें एक बार फिर चल पड़ीं। सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने क्रेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मिल परिसर में उत्साह का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों और मिल अधिकारियों ने नए सत्र को किसानों तथा मिल के लिए बेहतर साबित होने की उम्मीद जताई।
डोईवाला चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू
शुभारंभ अवसर पर सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि डोईवाला चीनी मिल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और किसानों की आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है। मिल को आधुनिक स्वरूप देने की जरूरत है। इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों और कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करना आवश्यक है। सरकार का प्रयास है कि मिल की व्यवस्थाओं में सुधार हो और किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया शुभारंभ
पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि डोईवाला चीनी मिल केवल एक औद्योगिक संस्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान और शान है। इसके विकास और विस्तार के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। मिल को आगे बढ़ाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, ताकि किसानों को लाभ मिलने के साथ ही क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिल सके।
गन्ने का मूल्य निर्धारित न होने से किसानों में नाराजगी
वहीं मिल पेराई सत्र के शुभारंभ से पहले गन्ने का मूल्य निर्धारित न होने से किसानों में नाराजगी भी देखी गई पूर्व गन्ना समिति डोईवाला के अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि सरकार को शुभारंभ से पहले गन्ने का मूल्य निर्धारित करना था। अन्य राज्यों में मूल्य निर्धारित हो चुका है और पूर्व के मूल्य की एवज में बढ़कर मूल्य दिया जा रहा है पर यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि यहां के किसान आज भी अपने गन्ने के मूल्य से अनजान है।
