Connect with us

Uttarakhand

IFFI-2026 में उत्तराखंड पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, केंद्रीय सचिव चंचल कुमार ने की उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना

Published

on

IFFI-2026 में उत्तराखंड पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, केंद्रीय सचिव चंचल कुमार ने की उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना

गोवा : गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित WAVES Film Bazaar-2026 में उत्तराखंड पवेलियन देशी-विदेशी फिल्मकारों एवं फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्देशक, निर्माता तथा फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं और उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं एवं राज्य की फिल्म नीति में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।

आज भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की फिल्म नीति भारत के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे बेहतरीन है। उन्होंने प्रदेश के खूबसूरत प्राकृतिक शूटिंग लोकेशंस की भी विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग के लिए बेहद शानदार एवं आकर्षक लोकेशंस उपलब्ध हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहित करने तथा फिल्मकारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार की गई उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 की WAVES Film Bazaar-2026 में देश-विदेश से पहुंचे फिल्मकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों एवं अन्य आगंतुकों द्वारा सराहना की जा रही है। पवेलियन में पहुंच रहे प्रतिनिधि फिल्म नीति के प्रावधानों, शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहनों में विशेष रुचि दिखा रहे हैं। उत्तराखंड के खूबसूरत प्राकृतिक शूटिंग लोकेशंस और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण को लेकर भी आगंतुकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 का विधिवत शुभारंभ गत दिवस दीप प्रज्वलन के साथ आयोजित समारोह में गोवा के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी एवं समारोह निदेशक आशुतोष गोवारिकर सहित प्रसिद्ध अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी भी उपस्थित रहे।

संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी, उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के.एस. चौहान ने कहा कि IFFI-2026 में उत्तराखंड पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया प्रदेश के लिए उत्साहजनक है। देशी-विदेशी फिल्मकारों की बढ़ती रुचि से उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को नए आयाम मिलेंगे। परिषद का उद्देश्य उत्तराखंड को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा फिल्म पर्यटन के माध्यम से प्रदेश में स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

 



Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement