Delhi
delhi mausam ki jankari why did the deteriorate delhi weather imd latest update

ऐप पर पढ़ें
Delhi Weather News: दिल्ली में मौसम बदल गया है। आम तौर पर फरवरी के अंतिम हफ्ते से लेकर मार्च और अप्रैल के मध्य तक मौसम सुहावना नजर आता है। लेकिन इस साल फरवरी के अंतिम हफ्ते से ही मौसम की बेरुखी देखी जा रही है। दिल्ली एनसीआर के विभिन्न इलाकों में बारिश देखी गई है। तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और कुछ जगहों पर ओले पड़ने की आशंका जताई है। यह फसलें पकने का समय भी होता है। ऐसे में तूफानी हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। इस रिपोर्ट में जानते हैं मौसम की बेरुखी की वजहें…
मौसम विभाग की ओर से जारी ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय, उत्तर पश्चिमी भारत, मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में एकसाथ कई वेदर सिस्टम एक्टिव होने से ऐसा मौसम देखा जा रहा है। एक पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में मध्य अफगानिस्तान और पश्चिमी हिमालय के समीपवर्ती इलाकों पर मौजूद है। इस साइक्लोनिक सर्कुलेशन से उत्तरी अरब सागर तक एक ट्रफ रेखा देखी जा रही है। इससे उच्च नमी अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत तक पहुंच रही है।
मौसम विज्ञानियों की मानें तो उक्त दोनों वेदर सिस्टमों के मिलने से बसंत बहार के सीजन में बारिश वाला माहौल बन रहा है। मौसम विभाग की मानें तो इसके अलावा कई अन्य कमजोर सिस्टम भी एक्टिव हैं। एक प्रेरित साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तरी पाकिस्तान और निकटवर्ती पंजाब निचले क्षोभमंडल स्तर पर बना हुआ है। यही नहीं उत्तर-पूर्वी बिहार पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर असम पर है। यही नहीं स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट की मानें तो 5 मार्च की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र पर दस्तक दे सकता है।
मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में अगले 24 घंटे के दौरान 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में तीन मार्च तक मौसम खराब रहेगा। तीन मार्च को भी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी का अनुमान जताया है। दिल्ली एनसीआर के इलाकों में छह मार्च तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
शनिवार सुबह हुई बारिश एवं तेज हवाओं के चलते एक बार फिर दिल्ली का मौसम बदल गया। शुक्रवार तक जहां दिन में तेज खिली धूप निकल रही थी तो वहीं शनिवार को बारिश के बाद दिनभर बादल छाये रहे। दिन के समय 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने लोगों को एक बार फिर ठंडक का एहसास दिलाया। इस बदलाव के चलते दिल्ली के अधिकतम तापमान में 3 डिग्री से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले तीन से चार दिनों तक इस ठंडक का एहसास बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनसुार शनिवार सुबह दिल्ली के अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश हुई। सफदरजंग में 0.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में सबसे ज्यादा 5 एमएम बारिश राजघाट जबकि 3.5 एमएम बारिश मुंगेशपुर में हुई। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया था जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। लेकिन शनिवार को बारिश के बाद अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है।
शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिली। शुक्रवार को जहां दिल्ली का अधिकतम तापमान 10.8 डिग्री रहा तो वहीं शनिवार को न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में लगभग 7 डिग्री की बढ़ोत्तरी देखने को मिली। अभी के मौसम में यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले पांच दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास रहेगा।
रविवार सुबह एक बार फिर दिल्ली के कुछ इलाको में बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाये रहेंगे। दिल्ली में हवा की रफ्तार इस दौरान 6 से 16 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। वहीं 8 मार्च को एक बार फिर हवा की रफ्तार 12 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी। अगले पांच दिनों तक दिल्ली में सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी जबकि दिन के समय धूप निकलने की वजह से ठंड से राहत मिलेगी।