Punjab
Is Mamata Banerjee coming closer to AAP after moving away from Congress What is the meaning of Punjab tour – India Hindi News

ऐप पर पढ़ें
पंजाब में किसान आंदोलन के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पंजाब का दौरा कर सकती हैं। इसे लेकर कई चर्चाएं छिड़ गई हैं। बताया जा रहा है कि वह 21 फरवरी को पंजाब के दौरे पर आ सकती हैं और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ मुलाकात कर सकती हैं।
21 फरवरी को ममता बनर्जी पहले अमृतसर में दरबार साहिब नतमस्तक होंगी। इसके बाद वह दिल्ली के मुख्यमंत्री और पंजाब के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगी। लोकसभा चुनाव और किसान आंदोलन के बीच उनके इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
किसानों की मांगों का कर चुकी हैं समर्थन
ममता बनर्जी ने हाल ही में किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए शूंभ बॉर्डर पर किसानों को पीटने और उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ने की निंदा की थी। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला किया था। अगर 21 फरवरी तक किसानों का आंदोलन जारी रहता है तो ममता बनर्जी किसानों के बीच भी जा सकती हैं। ऐसे में पंजाब की राजनीति में नया उबाल आ सकता है।
आप के साथ गठबंधन की अटकलें
INDIA गठबंधन की बैठकों में ममता और केजरीवाल मिलकर चलते रहे हैं। अब दोनों ही नेताओं की पार्टियों ने न सिर्फ कांग्रेस बल्कि INDIA गठबंधन से किनारा कर लिया है। ममता का दौरा ऐसे समय हो रहा है जब लोकसभा चुनाव में सिर्फ कुछ दिन ही बचे हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी संग गठबंधन को लेकर कुछ बड़ा सोच रही हैं।
वहीं, बंगाल के साथ पंजाब का प्रेम मुख्य मंत्री भगवंत मान कई बार उजागर कर चुके हैं। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए वह कई बार ममता बनर्जी और बंगाल की मिसाल दे चुके हैं। हाल ही में तरणतारन में आम आदमी पार्टी की रैली में उन्होंने पंजाब के दुग्ध सहकारिता ब्रांड वेरका की सप्लाई पश्चिम बंगाल तक ले जाने की बात कही थी।
रिपोर्ट: मोनी देवी