Uttarakhand
रामनगर में अवैध निर्माण पर बड़ा प्रहार, प्रशासन ने शुरू किया सख्त अभियान
रामनगर : रामनगर में अवैध अतिक्रमण और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने खताड़ी क्षेत्र में नजूल भूमि पर चल रहे एक अवैध निर्माण को मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया,एसडीएम ने नगर पालिका और विकास प्राधिकरण को भी कार्रवाई के निर्देश देते हुए पूरे नगर पालिका क्षेत्र में अभियान चलाने के आदेश दिए हैं।
उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि इन दिनों प्रशासन विभिन्न राजस्व और भूमि संबंधी मामलों को लेकर लगातार फील्ड में निरीक्षण कर रहा है,इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि खताड़ी क्षेत्र में नजूल भूमि पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के निर्माण कार्य किया जा रहा है, सूचना मिलने पर वह स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित निर्माणकर्ता ने न तो भूमि के संबंध में आवश्यक एनओसी प्राप्त की थी और न ही नगर पालिका अथवा अन्य सक्षम प्राधिकरण से भवन निर्माण का नक्शा पास कराया था, इसके बावजूद निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था,नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एसडीएम ने तत्काल निर्माण कार्य बंद कराने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि नजूल भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण तभी किया जा सकता है जब भूमि को विधिवत फ्रीहोल्ड कराया गया हो और संबंधित विभागों से सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर ली गई हों,बिना अनुमति किए जाने वाले निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि भविष्य में विवाद और प्रशासनिक समस्याओं का कारण भी बन सकते हैं।
उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया है कि पूरे नगर पालि।का क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर ऐसे सभी निर्माण कार्यों की जांच की जाए जो बिना अनुमति या नियमों के विपरीत किए जा रहे हैं,साथ ही विकास प्राधिकरण को भी निर्माण स्थल की जानकारी और लोकेशन भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,यदि कोई व्यक्ति बिना नक्शा स्वीकृत कराए या बिना वैधानिक अनुमति के निर्माण करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप का माहौल है।
