Connect with us

Uttarakhand

बेटियों को करोड़ों की मदद, महिलाओं को आरक्षण और रोजगार, धामी सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां

Published

on

बेटियों को करोड़ों की मदद, महिलाओं को आरक्षण और रोजगार, धामी सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं एवं नीतिगत निर्णयों पर कार्य कर रही है। प्रदेश में महिलाओं को समान अधिकार देने से लेकर शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, स्वास्थ्य, खेल और राजनीतिक भागीदारी तक अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। राज्य सरकार का मानना है कि नारी का उत्थान ही समाज और राष्ट्र के उत्थान का आधार है। इसी संकल्प के साथ महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

समान नागरिक संहिता से महिलाओं के अधिकारों को मजबूती

उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। राज्य सरकार के अनुसार इस ऐतिहासिक निर्णय का उद्देश्य महिलाओं को विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और पारिवारिक अधिकारों से जुड़े विषयों में समान कानूनी संरक्षण प्रदान करना है। यूसीसी के माध्यम से बहुविवाह और हलाला जैसी प्रथाओं पर रोक तथा विवाह संबंधी अधिकारों में समानता सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया गया है। इसके साथ ही सहकारी प्रबंध समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सके।

2.65 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

प्रदेश में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को ₹5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को ब्रांड के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उद्यमिता में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों को 5 प्रतिशत बोनस की व्यवस्था का भी लाभ दिया जा रहा है।इसके अतिरिक्त क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) में महिलाओं की व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन हेतु ₹15.4 करोड़ की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। विभिन्न जनपदों में महिला सम्मान कार्यक्रमों, कार्यशालाओं एवं अन्य गतिविधियों के लिए ₹2.30 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।  स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए ड्रोन सखी पहल के अंतर्गत ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

एकल महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ₹1.5 लाख तक अनुदान

मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से एकल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई है। योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ₹1.5 लाख तक अनुदान की व्यवस्था की गई है।  राज्य सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें उद्यमी के रूप में स्थापित करने के लिए आवश्यक अवसर और संसाधन भी प्रदान करना है।

नंदा गौरा योजना से लाखों बेटियों को मिला लाभ

बालिकाओं की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित करने के लिए नंदा गौरा योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत बालिका के जन्म पर ₹11 हजार तथा 12वीं उत्तीर्ण करने पर उच्च शिक्षा के लिए ₹51 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के अंतर्गत 33,251 बालिकाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹145.93 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की गई।  अब तक प्रदेश की कुल 3,77,784 बालिकाओं को इस योजना के अंतर्गत ₹1,168.49 करोड़ की धनराशि जारी की जा चुकी है।  इसके अतिरिक्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह के लिए ₹51 हजार की सहायता प्रदान की जा रही है।

 



Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement