Uttarakhand
न्यूनतम तापमान का 13 साल का टूटा रिकॉर्ड, सितंबर में मौसम बदलाव की क्या वजह?

सितंबर की गर्मी ने न्यूनतम तापमान की वृद्धि का पिछले 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। मैदानी हिस्सों में सितंबर में न्यूनतम तापमान बढ़ने के कारण दिन में उमस भरी गर्मी हो रही है। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों के तापमान के आधार पर यह निष्कर्ष दिया है।
भारत मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, कुमाऊं के मैदानी क्षेत्रों में 2011 से लेकर 2023 तक सितंबर में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। लेकिन इस बार इसमें दो डिग्री की वृद्धि हुई है। इस वजह से इस बार सितंबर में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है।
पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ.आरके सिंह ने बताया कि दो-तीन दिनों से न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। इसके कारण दिन में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। उनका कहना है कि इससे निजात मिलने में अभी एक सप्ताह और लग सकता है।
मौसम विभाग की वेबसाइट के रिकॉर्ड की बात करें तो पिछले एक दशक में सितंबर में अमूमन 20 से 22 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहता है। लेकिन इस बार मानसून के अंतिम चरण में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है।
सोमवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 10 दिनों से बारिश नहीं होने के कारण अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।
इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी इजाफा हुआ है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. सिंह ने बताया कि मानसून अब विदाई की ओर है। पूरे सीजन में कुमाऊं में अच्छी बारिश हुई है।
इस साल सितंबर में 66 मिमी ज्यादा बारिश
उत्तराखंड के कुमाऊं में सितंबर में मानसूनी बारिश ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। इस बार पिछले साल सितंबर माह से 66 मिलीमीटर अधिक बारिश हुई है। भारत मौसम विभाग की वेबसाइट के आंकड़ों के आधार पर पिछले और इस साल सितंबर की बारिश के आंकड़ों की तुलना की जाए, तो 120 दिन के पूरे मानसून सीजन में कुमाऊं के छह जिलों में औसतन 226.3 मिमी बारिश हुई थी।
इस दौरान सर्वाधिक 287.9 मिमी बारिश बागेश्वर जिले में हुई थी। इसके अलावा नैनीताल में 280.2 मिमी बारिश हुई। जबकि इस साल सितंबर में अब तक पिछली बार से 66.05 मिमी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इस साल सितंबर में अब तक औसत 292.35 मिमी बारिश हो चुकी है। सितंबर में अभी तक सर्वाधिक 364.3 मिमी बारिश चम्पावत जिले में हुई है। यह पिछले साल सितंबर में हुई बारिश से दोगुनी है।