Uttarakhand
चम्पावत में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, विभागों को दिए सुधार के निर्देश
चम्पावत : चम्पावत में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को सड़कों के सुधारीकरण, नालियों की सफाई और दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात संकेतक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की सड़कों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई और ग्रामीण निर्माण विभाग सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपने अधीन मार्गों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधारीकरण और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुधार के साथ जल निकासी व्यवस्था भी दुरुस्त रखी जाए। नालियों में जमा मिट्टी और मलबा हटाकर पानी की निकासी सुचारु की जाए, ताकि बारिश का पानी सड़कों पर जमा न हो। वहीं, खतरनाक मोड़ों और संवेदनशील स्थानों पर यातायात संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हर यात्रा में हेलमेट पहने। प्रशासन ने हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
