Uttarakhand
ऊधम सिंह नगर में कच्ची शराब पर एक्शन, बिन्दुखेड़ा में ध्वस्त की गई अवैध भट्टी
ऊधम सिंह नगर : ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान अवैध शराब बनाने की भट्टी ध्वस्त की गई। हजारों किलोग्राम लहन नष्ट किया गया और भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ऊधम सिंह नगर में कच्ची शराब पर एक्शन
आबकारी आयुक्त और जिलाधिकारी उधम सिंह नगर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में क्षेत्र-01 रुद्रपुर की टीम ने ग्राम बिन्दुखेड़ा और अर्जुनपुर में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री की शिकायत मिलने पर संयुक्त छापेमारी की।
बिन्दुखेड़ा में ध्वस्त की गई अवैध भट्टी
छापेमारी के दौरान बिन्दुखेड़ा नाले के पास अवैध कच्ची शराब तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही एक भट्टी को नष्ट कर दिया गया। मौके पर मौजूद करीब 2,500 किलोग्राम लहन भी नष्ट किया गया। तलाशी के दौरान लगभग 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अर्जुनपुर में महिला के घर से 80 लीटर अवैध शराब बरामद
इसके बाद टीम ने ग्राम अर्जुनपुर में दबिश दी। यहां सुरजीत कौर, पत्नी निशान सिंह, के घर की तलाशी के दौरान एक रबर ट्यूब में करीब 60 लीटर अवैध कच्ची शराब और एक प्लास्टिक के कट्टे में रखे 40 पाउच (करीब 20 लीटर) बरामद किए गए। कुल मिलाकर 80 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई।
