Uttar Pradesh
ताजनगरी में आज से बिगड़ सकता है मौसम, अंधड़ के साथ बारिश के आसार, उत्तर प्रदेश न्यूज़

Weather News: ताजनगरी आगरा के लिए अलर्ट है। यहां मौसम का मिजाज बुधवार से फिर बिगड़ सकता है। पहले दो दिन हल्की बारिश के आसार हैं। जबकि बाद में तेज रफ्तार हवाएं या अंधड़ के साथ बारिश हो सकती है। 28 सितंबर तक यह सिलसिला चल सकता है। बीते दिनों हुई भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले भर में भारी नुकसान हुआ था। सैकड़ों पेड़, बिजली के पोल गिर गए और दर्जनों मकान ध्वस्त हो गए। दोबारा इसी तरह की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 24 सितंबर से हल्की बारिश का क्रम शुरू हो सकता है। 26 सितंबर तक ऐसा ही रहने का अनुमान है। इसके बाद खतरा बताया जा रहा है। 27 सितंबर से तेज हवाओं और अंधड़ के साथ बारिश हो सकती है। यह पुराने मकानों, पेड़ों के लिए खतरनाक है। टिनशेड में रहने वालों के लिए भी खतरा है। इसलिए ऐसे मौसम में बाहर जाना घातक हो सकता है। वाहन चलाने में भी सावधानी बरतनी चाहिए। सोमवार को गर्मी में पर्यटक धूप से बचने के लिए छाते का इस्तेमाल करते नजर आए।
दिन का पारा पहुंचा 36 डिग्री पर
इधर, कई दिनों से तेज धूप निकलने और आसमान साफ रहने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम रह गया है। इसे 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक होकर 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 95 रहा है। बीते 24 घंटों में बारिश दर्ज नहीं की गई है।
तब 222 एमएम बरसे थे बादल
11 से 13 सितंबर तक भारी बारिश हुई थी। इस दौरान कुल 222 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक 11 को 13 एमएम, 12 को 150 और 13 को 58 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। कई सालों बाद इतनी भारी बारिश हुई है। 14 सितंबर को सुबह से राहत मिलना शुरू हुई थी, लेकिन बाद में फुहारों के बाद तेज धूप निकल आई। 15 के बाद ही मौसम साफ हो पाया था।