Connect with us

Uttarakhand

पटेलनगर में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 35 मकान मालिकों पर 3.50 लाख का जुर्माना

Published

on

पटेलनगर में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 35 मकान मालिकों पर 3.50 लाख का जुर्माना

देहरादून : देहरादून में आगामी त्योहारों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए अभियान तेज कर दिया है। शनिवार, 10 अक्टूबर को एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर 35 भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 3.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कई इलाकों में पुलिस की चेकिंग

पटेलनगर कोतवाली की अलग-अलग पुलिस टीमों ने लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी, ब्राह्मणवाला और पाम सिटी समेत विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच की गई।

पुलिस ने पूर्व में आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे, मामलों में प्रकाश में आए और जमानत पर बाहर चल रहे 12 आरोपियों का भी भौतिक सत्यापन किया। पुलिस ने उन्हें दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

35 मकान मालिकों पर 3.50 लाख रुपये का जुर्माना

अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं सामने आने पर पुलिस ने 35 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई की। इन पर कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस का कहना है कि किरायेदारों और घरेलू सहायकों का समय पर सत्यापन कराना जरूरी है। नियमों का पालन नहीं करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग के साथ डेयरी और गोदामों में छापेमारी

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने खाद्य विभाग की टीम के साथ मिलकर डेयरी, गोदामों और खाद्य पदार्थों का भंडारण करने वाले अन्य स्थानों पर भी औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई का उद्देश्य मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

अभियान के दौरान संदिग्धता के आधार पर छह व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस उनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है।

एसएसपी के निर्देश पर अभियान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पटेलनगर क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।



Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement