Uttarakhand
विकासनगर में सनसनी, युवक ने महिला को मारी गोली, खुद को भी किया शूट
देहरादून : देहरादून के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार को एक सनसनीखेज गोलीकांड सामने आया। एक युवक ने किराए के मकान में रह रही महिला को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जबकि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
युवक ने महिला को मारी गोली, खुद को भी किया शूट
पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर क्षेत्र में एक बंद मकान से गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विकासनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
घर के एक कमरे में एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि एक युवक मृत पड़ा था। पुलिस ने तत्काल घायल महिला को 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
दो बच्चों की मां है घायल महिला
मृतक की पहचान कमलेश (पुत्र दौलत सिंह), निवासी हयो, थाना चकराता के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान संगीता नेगी, पत्नी प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम भटाणु, त्यूणी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस मकान में घटना हुई, वो रविंद्र बिष्ट का है। संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ इस मकान में किराए पर रहती थीं। घटना के समय बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे।
मौके से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि गोलीकांड के पीछे के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
