Uttar Pradesh
bsp out from bareilly ground direct contest between bjp and samajwadi party lok sabha election 2024

ऐप पर पढ़ें
Bareilly Lok Sabha Election 2024: बरेली का लोकसभा चुनाव रोमांचक दौरे में पहुंच गया है। इस बार बसपा चुनावी पिच पर मैच शुरू होने से पहले ही आउट हो गई। बसपा उम्मीदवार मास्टर छोटेलाल गंगवार का परचा खारिज हो गया। बरेली में भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।
बसपा बरेली सीट पर कभी जीत तो दर्ज नहीं कर सकी। हालांकि कभी गठबंधन तो कभी अपने बूते चुनाव लड़कर कैडर वोट के सहारे दम दिखाने में कामयाब होती रही। 2004 से बसपा के प्रदर्शन में सुधार भी हुआ। बरेली सीट पर बसपा का कैडर वोटर मुकाबले को रोचक बनाने में अपनी भूमिका निभाता रहा।कई नामचीन नेता बसपा के टिकट पर बरेली के दंगल में जोर आजमा चुके हैं। 2019 के चुनाव में बसपा और सपा गठबंधन करके चुनाव लड़े। गठबंधन के उम्मीदवार भगवत सरन गंगवार थे। भगवत सरन गंगवार 397988 वोट हासिल करने में कामयाब हो गए।
भगवत दूसरे स्थान पर रहे। 2014 के चुनाव में बसपा के टिकट पर उमेश गौतम ने दम दिखाया। 104049 वोट हासिल कर बसपा तीसरे स्थान पर रही। 2009 में बसपा के उम्मीदवार इस्लाम साबिर को 181996 वोट मिले थे। बसपा तीसरे स्थान पर थी। 2009 के दंगल में सपा चौथे स्थान पर रही थी। 2004 के बसपा के टिकट पर अकबर अहमद डंपी ने किस्मत आजमाई। डंपी को 210007 वोट हासिल हुए। डंपी दूसरे स्थान पर रहे। इस बार चुनाव में बसपा गच्चा खा गई। छोटेलाल गंगवार का नामांकन ही खारिज हो गया।
छोटेलाल ने परिवार का जिक्र नहीं किया छोटेलाल गंगवार ने अपने एफिडेविट में अपने परिवार का जिक्र नहीं किया। कई जानकारियों को छुपा लिया। एफिडेविट के कॉलम खाली छोड़ दिए। जिसकी वजह से रिटर्निंग ऑफिसर ने परचा खारिज कर दिया।
दुविधा में बसपा का वोटर
बसपा के कैडर वोटर के सामने दुविधा आ गई। बसपा का उम्मीदवार मैदान में नहीं है। कैडर वोटर को अपने पाले में लाने के लिए भाजपा और सपा दोनों ही कोशिश में जुट गए हैं।
क्या बोले जिला निर्वाचन अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि छोटेलाल गंगवार ने दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किए थे। एफिडेविट में कई खामियां पाईं गईं। कॉलम खाली छोड़ दिए गए थे।