Madhya Pradesh
half of INDIA bloc leaders either in jail or on bail Nadda slams Misa for remark against PM

भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जेल संबंधी टिप्पणी करने को लेकर राजद (राष्ट्रीय जनता दल ) की नेता मीसा भारती पर निशाना साधा और दावा किया कि INDIA गठबंधन के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों में या तो जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं। ये बातें उन्होंने मध्य प्रदेश में आयोजित एक जनसभा में पार्टी के लिए वोट मांगने के दौरान कहीं।
सीधी में आयोजित चुनावी सभा में नड्डा ने कहा, ‘इंडी गठबंधन के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों में या तो जेल में हैं या जमानत पर हैं। क्या आप ऐसे लोगों को सरकार सौंपना चाहते हैं? इंडी गठबंधन हताश हो गया है क्योंकि उसके नेताओं को एहसास हो गया है कि उनकी हार आसन्न है। वे एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं और हताशा में मोदीजी को गालियां दे रहे हैं।’
मीसा की भाषा पर उठाए सवाल
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘कल मीसा भारती ने कहा कि अगर उनकी सरकार आएगी तो मोदी जी को जेल भेज दिया जाएगा। मोदी जी ने बिना किसी दोष के 12 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और 10 वर्षों तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने देश को परिवार मानकर सेवा की लेकिन लालू यादव की बेटी मीसा भारती इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं।’
उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से सवाल किया, ‘क्या लालू यादव जमानत पर हैं? क्या उनकी पत्नी राबड़ी जमानत पर हैं? क्या उनका परिवार भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना नहीं कर रहा है – नौकरी के बदले जमीन घोटाला, चारा घोटाला – इस तरह के लोग यह भाषा बोल रहे हैं। क्या आप सभी इस प्रकार की भाषा को स्वीकार करते हैं?’ उन्होंने कहा कि लोग प्रधानमंत्री मोदी के पीछे मजबूती से खड़े हैं।
इससे पहले गुरुवार को राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती ने बिहार में कहा था कि अगर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो प्रधानमंत्री मोदी सलाखों के पीछे होंगे। मीसा पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उसी टिप्पणी का जवाब भाजपा अध्यक्ष ने दिया।
नड्डा बोले- एक तरह के पंख वाले पक्षी…
नड्डा ने आगे कहा, ‘यह विपक्षी गठबंधन दो कारणों से अस्तित्व में आया- मोदी कहते हैं भ्रष्टाचार मिटाओ, लेकिन वे (विपक्षी नेता) कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ। जिसके बाद ये सभी भ्रष्ट लोग एक साथ आ गए हैं। एक तरह के पंख के पक्षी एक साथ झुंड में आते हैं। दूसरी बात ये कि ये पार्टियां अपने परिवार को बचाने के लिए एक साथ आई हैं।’
नड्डा ने कहा- इंडी अलायंस का काम है- सिर्फ लोगों को गुमराह करना, इनको विकास से कोई मतलब नहीं है। ये अपनी हार देखकर हताशा में हैं। घमंडिया अलायंस सिर्फ दो बातों का अलायंस है- पहला- भ्रष्टाचारियों को बचाओ, दूसरा- अपने परिवार को बचाओ। इनका काम सिर्फ घोटाला करना है, इन्होंने तीनों लोक में घोटाला किया है।
गिनवाए कांग्रेस शासनकाल में हुए घोटाले
नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग शासन के दौरान कोयला घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला, चीनी घोटाला, चावल घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल (CWG) घोटाला, 2जी और 3जी घोटाले जैसे कई घोटाले हुए। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के घोटालों ने तीनों लोकों को झकझोर कर रख दिया था- आकाश, जमीन और भूमि के अंदर।’
सीधी के बाद छिंदवाड़ा पहुंचे नड्डा
सीधी के बाद नड्डा ने छिंदवाड़ा पहुंचकर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘पहले मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। आज मुझे खुशी है कि यही मध्य प्रदेश, भाजपा के शासन में अग्रणी और तीव्र गति से बढ़ता हुआ राज्य बन गया है। मोदी जी ने विकास की हर दृष्टि से मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया है।’
नड्डा बोले- अब हो रही रिपोर्ट कार्ड की राजनीति
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ‘2014 से पहले देश में आए दिन आतंकी घटनाएं होती थीं, घोटाले होते थे और नीतियां एयर कंडीशन कमरे में बना करती थीं। विकास के नाम पर सबकुछ ठप्प था। किसान आत्महत्या करता था और युवा लाचार था। लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में हमने 10 साल विकास का काल देखा, सांस्कृतिक विरासत के उत्थान का काल देखा, किसानों को ताकत मिलने का काल देखा, महिलाओं के सशक्तिकरण और दुनिया में भारत को अग्रणी बनते देखा। मोदी जी ने राजनीति की संस्कृति बदल डाली। अब विकासवाद और रिपोर्ट कार्ड की राजनीति हो रही है।’
‘मोदीजी ने सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाया’
नड्डा के रैली में कहा, ‘मोदी जी ने सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाने का काम किया। मोदी जी ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की। आज रामलला के भव्य मंदिर में रोजाना लाखों लोग दर्शन करने जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को धराशायी कर देश में एक निशान, एक विधान और एक प्रधान स्थापित करने का काम किया।’
उन्होंने बताया, ‘मोदी जी GYAN को लेकर आगे चलते हैं- G- गरीब, Y- युवा, A- अन्नदाता, N-नारीशक्ति। इनका सशक्तिकरण ही मोदी सरकार का मकसद है, क्योंकि इनका विकास होगा तो देश का विकास होगा।’
‘तीसरी बड़ी अर्थव्यस्था बनेगा भारत’
उन्होंने कहा, ‘2014 के पहले भारत एक पिछलग्गू देश के रूप में जाना जाता था। आज का भारत, मोदी जी के नेतृत्व में ना तो किसी के पास गिड़गिड़ाता है और ना ही पिछलग्गू है। आज भारत विकास में अग्रणी देश बन गया है। आज भारत ब्रिटेन को पछाड़कर 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था से 5वें नंबर की दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और आने वाले समय में मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।’