Uttarakhand
2027 से पहले लोहाघाट BJP में सियासी खींचतान तेज, पूरन फर्त्याल ने अपनों पर ही उठाए सवाल
लोहाघाट : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। लोहाघाट में भाजपा के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल की जन आशीर्वाद रैली ने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को फिर चर्चा में ला दिया है। पार्टी में 20 साल पूरे होने के मौके पर निकाली गई इस रैली में फर्त्याल ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, लेकिन उनके संबोधन में सबसे ज्यादा चर्चा पार्टी के भीतर कथित भितरघात को लेकर दिए गए बयान की रही।
शीतला माता मंदिर से शुरू होकर रामलीला मैदान तक पहुंची रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूरन सिंह फर्त्याल के समर्थन में नारे लगाए गए। रैली को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले फर्त्याल की राजनीतिक सक्रियता और अपनी दावेदारी पेश करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
रामलीला मैदान में सभा के दौरान फर्त्याल ने मुख्यमंत्री धामी की तारीफ करते हुए प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का जिक्र किया। वहीं, उन्होंने कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर निशाना साधा। फर्त्याल ने आरोप लगाया कि मौजूदा विधायक के कार्यकाल में लोहाघाट विकास के मामले में पीछे चला गया है। उन्होंने विधायक निधि के इस्तेमाल पर भी सवाल खड़े किए।
अपने पूर्व विधायक कार्यकाल का हवाला देते हुए फर्त्याल ने कहा कि उनके समय में शुरू कराई गई कई योजनाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। उन्होंने धनबल के जरिए चुनाव जीतने की कोशिश करने वालों को भी चेतावनी दी और कहा कि 2027 में जनता इसका जवाब देगी।
रैली में फर्त्याल ने भाजपा के भीतर चुनावी सहयोग को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पार्टी के कई नेताओं की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के कुछ नेताओं ने उनका साथ देने के बजाय कांग्रेस का समर्थन किया था। फर्त्याल ने दो टूक कहा कि आगामी चुनाव में इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पद मिले या न मिले, वह जनता के बीच रहकर काम करते रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने 2027 में भाजपा की वापसी और चम्पावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर पार्टी की जीत का भरोसा जताया।
फर्त्याल की इस रैली ने लोहाघाट में चुनावी माहौल के साथ भाजपा की अंदरूनी राजनीति को भी चर्चा में ला दिया है। एक तरफ वह कांग्रेस विधायक के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ अपने ही दल के नेताओं पर पुराने चुनाव में साथ न देने के आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में 2027 से पहले लोहाघाट भाजपा में दावेदारी और आपसी समीकरण किस करवट बैठेंगे, यह देखना अहम होगा।
