Uttarakhand
सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कार्यशाला आयोजित , युवा वर्ग को दी गई इंटरनेट सुरक्षा की जानकारी….

रुद्रपुर : इलैक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार तथा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के तहत मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एन.आई.सी. (नेशनल इंफोर्मेटिक्स सेंटर) के एक्सपर्ट्स द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य सुरक्षित, नैतिक और जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग को प्रोत्साहित करना था, साथ ही साइबर सुरक्षा खतरों और उनके समाधान के बारे में जागरूकता फैलाना था। मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इंटरनेट आजकल जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है और यह दुनिया भर को जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि इंटरनेट ने हमें शिक्षा, सामाजिक संपर्क, और व्यापार के क्षेत्र में अनगिनत अवसर दिए हैं, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराधों का भी खतरा बढ़ा है।

इस वर्ष सुरक्षित इंटरनेट दिवस की थीम “टूगेदर फोर अ बेटर इंटरनेट” (साथ मिलकर एक बेहतर इंटरनेट के लिए) थी, जो इंटरनेट समुदाय के सामूहिक प्रयासों पर जोर देती है ताकि इंटरनेट सभी के लिए सुरक्षित, समावेशी और सशक्त बन सके। मुख्य विकास अधिकारी ने छात्र-छात्राओं और युवा वर्ग को विशेष ध्यान दिलाया कि वे साइबर अपराधियों के शिकार न बनें और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करें।
कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य और उनकी टीम ने इंटरनेट सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने फिशिंग, विशिंग, स्मिशिंग, स्पैम मेल, स्पैम कॉल और साइबर अरेस्ट जैसे खतरों के बारे में बताया और बचाव के उपायों पर चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी, जिसमें ओटीपी, पिन, फेक लॉटरी स्कैम और ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान सावधानी बरतने की बात की गई।

दर्शकों को यह भी बताया गया कि केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही मोबाइल ऐप डाउनलोड करें, संवेदनशील जानकारी के लिए सार्वजनिक वाई-फाई का इस्तेमाल न करें और मोबाइल ऐप पर अनावश्यक अनुमतियों को रद्द करें।
इस कार्यशाला में जनपद के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्रों ने भाग लिया, जिन्होंने वर्चुअल माध्यम से भी जुड़कर सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यशाला का समापन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी से ऑनलाइन प्राइवेसी और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
