Uttarakhand
सड़क पर नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई, 3 दिन में 250 चालान, 20 वाहन सीज
हरिद्वार : हरिद्वार में सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 13 से 15 जुलाई तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) के नेतृत्व में इंटरसेप्टर टीम और बाइक स्क्वाड ने जिलेभर में सघन जांच की।
सड़क पर नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई
अगर आपने भी सड़क पर नियम तोड़े तो आप पर भी सख्त कार्रवाई होगी। परिवहन कर अधिकारी वरुण सैनी ने बताया कि अभियान के दौरान यातायात नियम तोड़ने वाले 250 वाहनों के चालान किए गए। लगातार नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
3 दिन में 250 चालान, 20 वाहन सीज
अब तक नियम तोड़ने वाले 20 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान गाड़ी चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, व्यावसायिक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोना और रॉन्ग साइड से वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष नजर रखी गई।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
