Uttarakhand
मंगलौर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हंगामा, इलाज ना मिलने पर भड़के विधायक काजी
मंगलौर : रुड़की के मंगलौर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उस वक्त जमकर हंगामा खड़ा हो गया जब एक मरीज को समय पर उचित इलाज ना मिलने का आरोप लगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंगलौर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हंगामा
मंगलौर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि पूर्व नगर पालिका चेयरमैन चौधरी इस्लाम और अस्पताल के एक चिकित्सक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। जिससे स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इलाज ना मिलने पर भड़के विधायक काजी
बताया जा रहा है कि मरीज को उपचार में लापरवाही बरते जाने से परिजन नाराज हो गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। सूचना मिलते ही मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। विधायक ने स्वास्थ्य सेवाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में भी आमजन बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर हैं।
पूर्व चेयरमैन ने भी लगाए गंभीर आरोप
पूर्व चेयरमैन चौधरी इस्लाम ने चिकित्सक और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उधर मरीज शहाब की पत्नी ने भी अस्पताल कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार करने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अपनी पीड़ा बयां की। अब इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
