Uttarakhand
प्रसिद्ध बिजरानी पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए खुला, पहले ही दिन फुल रही सारी सफारी
रामनगर : कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। 15 अक्टूबर से प्रसिद्ध बिजरानी पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है,पहले ही दिन सुबह और शाम की सभी सफारी स्लॉट फुल रहे। इस दौरान देशी-विदेशी पर्यटकों में बाघ के दीदार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रसिद्ध बिजरानी पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए खुला
नैनीताल जिले के रामनगर स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी जोन को आज विधिवत रूप से खोल दिया गया, क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट, पार्क वार्डन बिंदरपाल सिंह और वन विभाग के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों की जिप्सियों को जंगल सफारी के लिए रवाना किया। जोन खुलने से रामनगर के पर्यटन कारोबारियों को भी अच्छे सीजन की उम्मीद जगी है।
पहले ही दिन फुल रही सारी सफारी
पहले दिन सुबह की पाली में 30 और शाम की पाली में 30 जिप्सियों से सफारी संचालित की जा रही है,दोनों पालियों के सभी स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं। पर्यटक बाघ के साथ हाथी, हिरण और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने के लिए उत्साहित नजर आए।
मानसून के दौरान बंद किए गए थे गेट
बता दें कि मानसून के दौरान बंद किए गए बिजरानी जोन को हर साल 15 अक्टूबर को खोला जाता है। वहीं विश्व प्रसिद्ध ढिकाला पर्यटन जोन 15 नवंबर से खुलेगा। इसके साथ ही कॉर्बेट में नाइट स्टे की सुविधा भी शुरू होगी। बिजरानी जोन खुलने से होटल, रिसॉर्ट और जिप्सी कारोबारियों को आगामी पर्यटन सीजन में बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
