Connect with us

Uttarakhand

दोस्तों के साथ नैना पीक घूमने आया युवक पहाड़ी से लापता, 4 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं

Published

on

दोस्तों के साथ नैना पीक घूमने आया युवक पहाड़ी से लापता, 4 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं

नैनीताल : दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया युवक नैना पीक की पहाड़ी से लापता हो गया। शुक्रवार को ट्रैकिंग के दौरान लापता हुए युवक का भी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने जंगल के दुर्गम इलाकों में ड्रोन और डॉग स्क्वाड की मदद से भी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल और वन विभाग की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार बिहार के मुंगेर जिले के पहरपुर निवासी अर्नव सिंह भीमताल में निजी विश्वविद्यालय रहकर पढ़ाई करता है। शुक्रवार को उसके गांव के तीन दोस्त आलोक राज, ओम और ऐश्वर्य राज उससे मिलने पहुंचे थे। चारों दोस्त हल्द्वानी में ठहरने के बाद नैनीताल घूमने आए थे। दोपहर करीब दो बजे चारों नैना पीक की ट्रैकिंग पर निकले। वापसी के दौरान शाम करीब चार बजे अर्नव कुछ दूरी पर पीछे रह गया। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया।

दोस्तों की सूचना पर पुलिस और अन्य विभागों की टीमों ने शुक्रवार रात से ही सर्च अभियान शुरू कर दिया था। शनिवार और रविवार के बाद सोमवार को भी जंगल के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की गई। ड्रोन और श्वान दल की मदद से भी संभावित क्षेत्रों को खंगाला गया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।

वन विभाग के ललित मोहन कार्की ने बताया कि लापता युवक की तलाश के लिए वन विभाग और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम जंगलों में लगातार गश्त कर रही है। पुलिस विभाग द्वारा भी ड्रोन और डॉग स्क्वाड की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हासिल नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि जब तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल जाता, तब तक वन विभाग, पुलिस विभाग और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम द्वारा जंगलों में गश्त और तलाशी अभियान जारी रहेगा।

कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है। खोजबीन के साथ ही मामले के अन्य पहलुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। युवक के परिजनों व दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।



Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement