Uttarakhand
देहरादून में 23 अक्टूबर से EVM की जांच, डीएम ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
देहरादून।उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी के तहत देहरादून जिले में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) 23 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जांच प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सभी दलों से FLC के दौरान उपस्थित रहकर निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की।
EVM के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की होगी जांच
जिलाधिकारी ने कहा कि EVM की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण प्रारंभिक चरण है। इस दौरान मशीनों के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि उनका सुचारु और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने बताया कि जांच का उद्देश्य मशीनों की कार्यक्षमता और डेटा रिकॉर्डिंग की विश्वसनीयता को लेकर किसी भी तरह की आशंका को दूर करना है। यह प्रक्रिया निर्वाचन व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।जिलाधिकारी के अनुसार, प्रथम स्तरीय जांच पूरी होने के बाद EVM का विधानसभा क्षेत्रवार रेंडमाइजेशन किया जाएगा। इसके बाद प्रेक्षक की मौजूदगी में सॉफ्टवेयर के माध्यम से मशीनों का दोबारा रेंडमाइजेशन कर उन्हें बूथवार आवंटित किया जाएगा।इस प्रक्रिया का उद्देश्य निर्धारित निर्वाचन प्रोटोकॉल के अनुरूप मशीनों का आवंटन करना और चुनावी व्यवस्थाओं में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना है।

राजनीतिक दलों से FLC में शामिल होने की अपील
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे 23 अक्टूबर से शुरू होने वाली जांच प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें और पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करें।उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में सभी संबंधित पक्षों की भागीदारी से पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, तहसीलदार सदर सुरेंद्र सिंह देव, जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।इनमें भाजपा के अरविंद जैन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जसविंदर सिंह और सुनील जायसवाल, सीपीआई (एम) के अनंत आकाश, बसपा के सत्यपाल तथा आम आदमी पार्टी के कमल राणा शामिल रहे। बैठक में निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
