Uttarakhand
देहरादून में छठ पूजा की तैयारियां पूरी, बिहारी महासभा ने की 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश की मांग
देहरादून : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पूर्वांचल और बिहार के प्रवासी परिवारों के लिए खास महत्व रखने वाले इस पर्व को लेकर देहरादून में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई से लेकर मरम्मत तक के काम कराए गए हैं। वहीं, बिहारी महासभा ने छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है।
बिहार महासभा उत्तराखंड की ओर से टपकेश्वर महादेव मंदिर, प्रेमनगर और मालदेवता स्थित छठ घाटों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। घाटों की साफ-सफाई के साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी कराई गई है, ताकि पूजा के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई। इस दिन व्रतियों ने स्नान और पूजा के बाद लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, 14 नवंबर को खरना के साथ व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा और शाम को खीर का प्रसाद ग्रहण किया।
अब 15 नवंबर को व्रती महिलाएं और श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। इसके बाद 16 नवंबर को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।
छठ पूजा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए बिहारी महासभा ने 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है, ताकि पर्व मनाने वाले लोग पूरी श्रद्धा और सुविधाजनक तरीके से पूजा में शामिल हो सकें।
