Uttarakhand
तेज बहाव में जिंदगी-मौत से जूझ रहा था शख्स, SDRF ने किया रेस्क्यू
हरिद्वार : गंगनहर के उफनते पानी और तेज बहाव के बीच बहे एक व्यक्ति के लिए SDRF के जवान देवदूत बनकर उभरे। SDRF की त्वरित कार्रवाई और अदम्य साहस की बदौलत व्यक्ति को समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
तेज बहाव में जिंदगी-मौत से जूझ रहा था शख्स
हरिद्वार के बहादराबाद पुलिस चौकी द्वारा SDRF टीम को गंगनहर में एक व्यक्ति के बहने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही SDRF की रेस्क्यू टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हालांकि, गंगनहर का बहाव इतना तेज था कि जब तक टीम मौके पर पहुंचती, पीड़ित व्यक्ति बहते हुए पथरी पावर हाउस तक जा पहुंचा था। जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बचाया गया।
SDRF ने किया सफल रेस्क्यू
पथरी पावर हाउस के समीप पानी के प्रचंड वेग के बावजूद SDRF के जवानों ने गंतव्य पर पहुंचकर सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय दिया। जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर गंगनहर के तेज बहाव के बीच उस व्यक्ति तक पहुंच बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एसडीआरएफ ने घायल को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाय।
लंबे समय तक गंगनहर के बेहद ठंडे पानी में फंसे रहने के कारण व्यक्ति का शरीर पूरी तरह अकड़ चुका था और उसकी शारीरिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी। SDRF टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही पीड़ित को प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) दी और शरीर को सामान्य स्थिति में लाने के प्रयास किए। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया।
