Uttarakhand
गंगोत्री से नेपाल रवाना हुई पवित्र गंगा कलश यात्रा हरिद्वार पहुंची, पशुपतिनाथ में होगा जलाभिषेक
हरिद्वार : गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद वहां से 5 हजार लीटर पवित्र गंगाजल लेकर निकली श्रीगंगा कलश यात्रा धर्मनगरी हरिद्वार पहुंची। रात्रि विश्राम और भव्य पूजन के बाद आज बुधवार को यह यात्रा नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गई है।
गंगोत्री से नेपाल रवाना हुई पवित्र गंगा कलश यात्रा हरिद्वार पहुंची
गंगोत्री धाम के रावल शिव प्रकाश के नेतृत्व में यह कलश यात्रा पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी स्थित मां मनसा देवी चरण पादुका मंदिर पहुंची, जहां अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत डॉ.रविंद्र पुरी महाराज ने संत समाज के साथ कलश का भव्य स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने पवित्र कलश का पूजन किया और गंगा मैया के जयकारों के साथ कलश को अपने सिर पर धारण कर पूरी श्रद्धा से रथ में विराजमान किया।
पशुपतिनाथ में होगा जलाभिषेक
हरिद्वार से मुरादाबाद होते हुए यह यात्रा नेपाल पहुंचेगी। पौराणिक मान्यता के अनुसार, केदारनाथ के अग्रभाग के रूप में पूजे जाने वाले भगवान पशुपतिनाथ का पूरे वर्ष इसी पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक किया जाता है। साथ ही लक्ष्मी पूजन के दौरान श्रद्धालु इस पावन कलश के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना भी करते हैं।
