Uttarakhand
कुंभ 2027 की तैयारियों पर मेलाधिकारी का ग्राउंड निरीक्षण, कहा- श्रद्धालुओं को जाम से राहत देने पर फोकस
हरिद्वार : हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और पूरी तरह व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार सबसे बड़ा फोकस श्रद्धालुओं को जाम से राहत देने और सुगम यातायात व्यवस्था तैयार करने पर है।
कुंभ 2027 की तैयारियों पर मेलाधिकारी का ग्राउंड निरीक्षण
कुंभ 2027 की तैयारियों पर मेलाधिकारी ने ग्राउंड जीरो का निरीक्षण किया। बता दें कि मेलाधिकारी सोनिका मीणा खुद ग्राउंड जीरो पर उतरीं और नारसन बॉर्डर से लेकर हरिद्वार तक कई अहम मार्गों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बहादराबाद, धनौरी, कलियर और नारसन क्षेत्र का दौरा कर यातायात व्यवस्था की संभावनाओं को परखा।
कुंभ में बदलने वाला है ट्रैफिक का पूरा सिस्टम
खास बात ये है कि NHAI द्वारा बनाए जा रहे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और हरिद्वार रिंग रोड के बाद इस बार कुंभ में ट्रैफिक का पूरा सिस्टम बदलने वाला है। प्रशासन का मानना है कि दिल्ली और बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सबसे ज्यादा रहेगी, इसलिए पहले से ही वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जा रहे हैं।
बाहरी क्षेत्रों में होगी बड़ी पार्किंग व्यवस्था
सिर्फ सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण, पुलों की मजबूती, बाहरी क्षेत्रों में बड़ी पार्किंग व्यवस्था, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण पर भी काम किया जाएगा। नारसन बॉर्डर पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। अगर ये तैयारियां तय समय पर पूरी हुईं, तो महाकुंभ 2027 श्रद्धालुओं के लिए अब तक का सबसे सुगम और यादगार आयोजन साबित हो सकता है।
