Uttarakhand
अनियंत्रित होकर 35 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 5 लोग घायल..
देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां चकराता के लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार पांच लोग घायल हो गए हैं।
स्थानीय निवासियों ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर पुलिस-प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू
रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL9C 8092) के पास पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांच घायलों—तीन पुरुष और दो महिलाओं—को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद एम्बुलेंस के माध्यम से सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर हुमा परवीन के अनुसार, घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
