Connect with us

Uttarakhand

अगले 15 दिन मंडलायुक्त करेंगे फील्ड विजिट, जिलों में करेंगे कैंप

Published

on

अगले 15 दिन मंडलायुक्त करेंगे फील्ड विजिट, जिलों में करेंगे कैंप

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग ने निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर SIR अभियान की समीक्षा की।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दोनों मंडलायुक्तों को अगले 15 दिनों तक आवंटित जिलों में कैंप कर फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिलाधिकारियों और निर्वाचन अधिकारियों को भी दावे और आपत्तियों के चरण में प्राप्त आवेदनों की सुपर चैकिंग और क्रॉस वेरिफिकेशन करने को कहा गया है।

दोनों मंडलायुक्तों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश के अनुसार अगले 15 दिनों तक आयुक्त कुमाऊं नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में कैंप करेंगे, जबकि आयुक्त गढ़वाल देहरादून और हरिद्वार में फील्ड विजिट करेंगे।

इस दौरान दोनों मंडलायुक्त आयोग की ओर से तय मानकों के अनुसार बूथों का निरीक्षण और सत्यापन करेंगे। खास तौर पर उन बूथों पर फोकस रहेगा, जहां मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने के लिए अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।

फॉर्म 6 और फॉर्म 7 वाले बूथों पर विशेष निगरानी

निर्वाचन विभाग के मुताबिक, ऐसे बूथ जहां फॉर्म-6 के तहत नाम जोड़ने के आवेदन 4 प्रतिशत से अधिक और फॉर्म-7 के तहत नाम हटाने के आवेदन 2 प्रतिशत से अधिक हैं, वहां विशेष रूप से जांच की जाएगी।

इन बूथों पर ईआरओ यानी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्राप्त आवेदनों का क्रॉस वेरिफिकेशन करेंगे।

फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने और फॉर्म-7 के जरिए नाम हटाने के लिए आवेदन किया जाता है, जबकि फॉर्म-8 का इस्तेमाल मतदाता सूची में संशोधन या अन्य संबंधित बदलाव के लिए किया जाता है।

जिलाधिकारी करेंगे औचक निरीक्षण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को भी रेंडम फील्ड विजिट और बूथों के औचक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य SIR अभियान के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों की जमीनी स्तर पर जांच करना है।

अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से जुड़े सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच हो और उनका निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए।

दावे और आपत्तियों के निस्तारण पर जोर

समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच कर समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दावे और आपत्तियों के निस्तारण में निर्धारित समय सीमा का पालन किया जाए और सत्यापन प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।

SIR अभियान में बढ़ेगी फील्ड मॉनिटरिंग

मंडलायुक्तों के कैंप और जिलाधिकारियों के औचक निरीक्षण के साथ अब SIR अभियान में फील्ड स्तर पर निगरानी और बढ़ने जा रही है। खासतौर पर अधिक संख्या में नाम जोड़ने या हटाने वाले बूथों पर क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाएगा।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement