Uttar Pradesh
सीएम आवास के पास हाई सिक्योरिटी जोन में महिला ने खाया जहर, प्रॉपर्टी पर कब्जे का लगा रही आरोप
यूपी की राजधानी लखनऊ में सीएम आवास के पास हाई सिक्योरिटी जोन में एक महिला ने जहर खा लिया। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसने बताया कि वह फिरोजाबाद की रहने वाली है जहां कुछ लोग उसकी जमीन और मकान पर कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर वे लोग जान से मारने की धमकी देते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के रुकनपुरा शिकोहाबाद की रुखसाना ने लखनऊ के हाई सिक्योरिटी जोन में आने वाले ला मार्ट कॉलेज चौराहे के पास शनिवार की सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। ला मार्ट कॉलेज चौराहे के पास रुखसाना लड़खड़ा कर चल रही थी। इसी दौरान पुलिस कर्मियों की उस पर नज़र पड़ी। पुलिसवालों ने उसे देखकर टोका तो उसने बताया कि जहरीला पदार्थ खाकर आई है। यह सुनकर पुलिसवाले तुरंत अलर्ट मोड में आ गए। उन्होंने महिला को सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया। महिला ने पूछताछ में बताया कि वह कोई कीटनाशक दवाई खाकर आई है। उसने ये दवा कहां खाई इसकी जानकारी नहीं दे पाई है। सीसी कैमरों से महिला की बातों की सच्चाई की पड़ताल की जा रही है।
क्या बोली पुलिस
लख्नऊ की डीसीपी मध्य रवीना त्यागी ने बताया कि रुखसाना का आरोप है कि कुछ लोग उसकी जमीन और मकान पर कब्जा कर रहे हैं। विरोध पर बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी फिरोजाबाद को घटना की जानकारी दे दी गई है। वहां से पुलिस टीम लखनऊ आ रही है। परिवारीजन को भी सूचना दे दी गई है।