Punjab

Weather Update Cold winds coming from Europe increased coldwave in India – Weather today in Hindi – Aaj ka mausam mausam ki jankari Temp today in Hindi

Published

on

Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के ऊपरी वायुमंडल में 240 से 260 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। ये हवाएं यूरोप से आ रही हैं और इसी वजह से उत्तर प्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, हवा का रुख बदल कर अब पछुवा हो गया है। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। दिन में भी धूप नहीं निकल रही और कोल्ड डे की स्थिति बन रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अगले कुछ दिन मौसम ऐसा ही रहने वाला है। कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहेगा। एक या दो स्थानों पर कोल्ड डे या सीवियर कोल्ड डे रहेगा।

आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि अगले 3 दिनों तक पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। वहीं, अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में 20 जनवरी यानी आज शीतलहर चलने की संभावना है।  मध्य के अलग-अलग हिस्सों में भी शीतलहर की स्थिति की संभावना है।  उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर आज और कल पाला पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि पंजाब, हरियाणा, बिहार, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर को लेकर गंभीर स्थिति जारी रह सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय और उत्तराखंड और उत्तरी राजस्थान में एक या दो स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है।

अयोध्या के मौसम का हर तीन घंटे पर अपडेट

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा अयोध्या में हो रहे रामोत्सव के अवसर पर वहां आने वालों को मौसम की जानकारी देने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मौसम विभाग ने अपनी वेबसाइट का पहला पेज अयोध्या के मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी देने के लिए बनाया है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल 22 जनवरी को अयोध्या में दिन का तापमान सामान्य से कम ही रहने के आसार हैं। रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि शनिवार से मौसम विभाग अपनी वेबसाइट पर हर तीन घंटे के अंतराल पर अयोध्या के मौसम का अपडेट देना शुरू करेगा।

उत्तराखंड के मैदानों में कोहरा, पहाड़ पाले से बेहाल

देहरादून, मुख्य संवाददाता। उत्तराखंड के मैदानी हिस्सों में घना कोहरा और पहाड़ में पाला अगले दो दिन बेहाल करेगा। मौसम विभाग ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट और देहरादून, नैनीताल और पौड़ी जिले के मैदानी इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे की वजह से जौलीग्रांट एयरपोर्ट में शुक्रवार दोपहर 11 बजे तक हवाई सेवाओं का संचालन नहीं हो पाया। रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है।

घने कोहरे के कारण सड़क-रेल यातायात प्रभावित

पंजाब से पश्चिम बंगाल तक कोहरे की चादर फैली हुई है। इसके कारण गुरुवार रात से गंगा के मैदानी इलाकों में दृश्यता कम हो गई और सड़क व रेल यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया, उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों से पता चला कि पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गुरुवार रात आठ बजे से कोहरा छाया है। पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा। उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा।

पंजाब-हरियाणा में ठंड का कहर जारी

पंजाब और हरियाणा में ठंड का कहर जारी है। शुक्रवार को बठिंडा और सिरसा दोनों राज्यों में सबसे ठंडे स्थान रहे। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस जबकि हरियाणा के सिरसा में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर में अगले सप्ताह हो सकती है बर्फबारी

कश्मीर घाटी में अगले सप्ताह हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है। जिससे लोगों का बर्फबारी का लंबे समय का इंतजार खत्म हो जाएगा। मौसम कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि 24 जनवरी तक मौसम के शुष्क रहने और शनिवार शाम को आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। 25 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। 26 से 28 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 29 से 31 जनवरी तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version