Uttar Pradesh
आगरा में पुलिस ने बंद करवाए 50 जिम, 200 को भेजे नोटिस, कई इलाकों के जिम पर गिरी गाज
आगरा में महिला के साथ जिम में रेप की घटना होने के बाद अब पुलिस सक्रिय हो गई है। आगरा में पुलिस ने 50 जिम बंद करवाए और 200 को नोटिस भेजे हैं।
आगरा में मानकों की अनदेखी करके जिम खोले जा रहे हैं। पुरुषों के साथ महिलाओं को सुविधा दी जा रही है। महिला इंस्ट्रक्टर इक्का दुक्का जिम में ही हैं। इतना ही नहीं किसी में फायर एनओसी नहीं ली जा रही है तो किसी में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। यहां तक की एक्सपर्ट डायटीशियन की भी कमी है। पुलिस ने मानकों की अनदेखी करने वाले ऐसे ही 50 जिम को नोटिस देकर बंद करा दिया है। 200 को भी सभी मानक पूरे करने के लिए निर्देशित किया है।
हरीपर्वत के खंदारी स्थित गोल्ड्स जिम में युवती के साथ घटना हुई थी। डाइट प्लान बनाने के बहाने जिम ट्रेनर मनी नौटियाल उसे केबिन में ले गया था। बदसलूकी की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छेड़छाड़ और दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज किया। इस पर पुलिस ने अभियान चलाया।
शहर में है 300 से अधिक जिम
शहर में जिमों की संख्या 300 से अधिक है। इनमें सदर, सिकंदरा, हरीपर्वत, कमला नगर, ताजगंज क्षेत्र में सबसे अधिक हैं। पुरुषों के साथ महिलाएं भी जिम में आती हैं। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि जिस जिम में महिलाएं आती हैं, उनमें अनिवार्य रूप से प्रशिक्षित इंस्ट्रक्टर होनी चाहिए। वाशरूम और चेंजिंग रूम के अलावा सभी स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगे हों। फायर एनओसी के साथ सभी जरूरी नियमों का पालन होना चाहिए। मगर, बड़ी संख्या में जिम में नियमों का पालन नहीं ही रहा है।
जांच में मिली कई कमियां
हरीपर्वत क्षेत्र के खदारी में 4, संजय प्लेस में 4, विजय नगर में 3, ट्रांसपोर्ट नगर में 2, नेहरू नगर में 1, दिल्ली गेट में 2, घटिया आजम खान में 2 जिम हैं। इनमें 6 में मानक पूर्ण मिले। 12 में कमियां थीं। इस पर संचालकों को नोटिस दिया गया। उनसे मानक पूरे होने पर जिम संचालित करने के लिए अनुमति दी जाएगी।