Rajasthan
अगर लॉरेंस दोषी तो सलमान खान भी, विश्नोई समाज ने साफ किया अपना पक्ष

गैंगस्टर लॉरेंस से विश्नोई समाज द्वारा किनारा किए जाने का बयान मीडिया में सामने आया। इसके बाद विश्नोई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपनी बात रखी है। जानिए उन्होंने इस पर क्या स्पष्टीकरण दिया।
आज मीडिया में गैंगस्टर लॉरेंस से विश्नोई समाज द्वारा किनारा किए जाने की खबर सामने आई है। इसके बाद विश्नोई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र विश्नोई का बयान सामने आया है। अध्यक्ष ने मीडिया द्वारा तोड़-मरोड़कर पेश किए गए उनके बयान पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि विश्नोई समाज 29 नियमों का पालन करता है और अहिंसा का समर्थक है। हम अपराध करने वालों को फेवर नहीं करते हैं। मैंने ये नहीं कहा कि लॉरेंस से विश्नोई समाज ने किनारा कर लिया है। यह झूठ है। इसके साथ ही मैंने कहा था कि सलमान खान भी हमारी नजर में दोषी है। अगर लॉरेंस दोषी है तो सलमान खान भी दोषी है।
मीडिया द्वारा विश्नोई गैंग बुलाए जाने पर जताई आपत्ति
उन्होंने आगे अपनी बात रखते हुए कहा कि मैंने मीडिया से आग्रह किया है कि हिन्दुस्तान में हमारी 75 लाख की जनसंख्या है। एक-दो फीसदी सभी समाजों में अपराधी होते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप विश्नोई गैंग बोलो। इससे हमारे समाज की इमेज डाउन होती है। अध्यक्ष ने कहा कि हम पर्यावरण प्रेमी हैं। हम पेडों की रक्षा करने वाले हैं। हमारे 363 लोग शहीद हो गए पर्यावरण के लिए। हम वन्यजीवों के लिए शहीद हो जाते हैं। हम निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं। इसलिए अगर आप विश्नोई गैंग लिखते हो तो ये बहुत बुरी बात है।
कौन है लॉरेंस विश्नोई
गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के ऊपर हत्या और जबरन वसूली जैसे तमाम आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके ऊपर सलमान खान को हत्या की धमकी देना, सिद्दू मूसेवाला की हत्या की साजिश रचना, सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लेने और अब बाबा सिद्दिकी की हत्या में शामिल होने की बात सामने आई है। लॉरेंस कई आरोपों के चलते फिलहाल साबरमती जेल में बंद है। पुलिस तथा जांच एवं सुरक्षा से जुड़ी तमाम ऐजेंसियां इस बात से हैरान हैं कि आखिर जेल के अंदर से लॉरेंस इन अपराधों को कैसे अंजाम दे रहा है।