Uttar Pradesh
UP Weather patterns will change again chances of rain in many areas forecast of weather department
ऐप पर पढ़ें
UP Weather: यूपी की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में धीरे-धीरे धूप की तल्खी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ऐसे में सुबह स्वेटर जैकट पहनने वालों के माथे पर पसीना छलक आया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं है। 19 फरवरी की दोपहर के बाद एक बार फिर मौसम बदलेगा। सुबह से ही धूप खिलने से हल्की गर्माहट रही। शाम को सात बजे तक भी तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। वहीं, गुरुवार-शुक्रवार की रात में भोर होने से पहले पारा तेजी से गिरा। इसके अलावा रात में भी गलन घट चुकी है। ऐसे में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दो दिन बाद एक बार फिर मौसम बदलने के आसार हैं। 19 फरवरी से 21 फरवरी के बीच प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
पूर्वांचल में आज रात से बदलेगा हवा का रुख
काशी समेत पूर्वांचल में शनिवार रात से हवा का रुख बदलेगा। इससे पछुआ की जगह पुरवा हवा चलेगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार शाम या रात में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके दस्तक देते प्रदेश में हवा का रुख बदल जाएगा। इसके बाद 17 से 20 फरवरी के बीच लगातार अंतराल पर दो या तीन पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। जिस कारण 20 फरवरी तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। दिन में आसमान साफ रहेगा। लेकिन 21 फरवरी को दोबारा बारिश के आसार हैं।
इससे पहले शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। सुबह सात बजे दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। दिन में छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हव चल रही थी। दिन का तापमान 27.2 डिग्री और रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में दिन के तापामन में 1.5 की बढ़ोतरी और रात के तापमान में 3.3 डिग्री की गिरावट हुई है। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को सुबह हल्का कोहरा रहेगा।
पांच विमान रहे निरस्त, सेनानी और मरुधर हुईं लेट
वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने से इंडिगो के पांच विमान निरस्त रहे। इनमें दिल्ली का 6ई 2211 विमान, लखनऊ का 6ई 7741, दिल्ली का 6ई 2235, बेंगलुरू का 6ई 968 और मुम्बई से आने वाला 6ई 5127 विमान है। वहीं, बुद्धा एयरलाइंस काठमांडू का विमान चार घंटे, अकासा बेंगलुरू का एक घंटे, इंडिगो मुंबई का 2.05 घंटे और दिल्ली से आने वाला विमान 2.20 घंटे लेट रहा। उधर, कैंट स्टेशन से गुजरने वाली नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी आठ घंटे, मरुधर एक्सप्रेस 7.30 घंटे लेट रही।
अस्पतालों में वायरल बुखार के मरीज बढ़े
मौसम में उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। लोग वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। वाराणसी के मंडलीय और जिला अस्पताल की ओपीडी में सर्दी, खांसी, बुखार व सांस के पीड़ित अधिक पहुंच रहे हैं। दोनों जगह रोज 500 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। मरीजों की संख्या 25 से 30 फीसदी बढ़ी है। जिला अस्पताल के फिजीशयन डॉ. मनीष यादव ने बताया कि इस समय मधुमेह व उच्च रक्तचाप के मरीज भी बढ़े हैं। बीएचयू के चेस्ट विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. जीएन श्रीवास्तव ने बताया कि बदलते मौसम में एलर्जी व अस्थमा की समस्या बढ़ती है।
ऐसे करें बचाव
सुबह-शाम गर्म कपड़ा जरूर पहनें
सुबह-शाम गुनगुना पानी पीना चाहिए
फाइबरयुक्त भोजन लेना चाहिए
सर्दी-जुकाम होने पर मास्क जरूर लगाएं
मौसमी फल और हरी सब्जी का सेवन करें