Uttar Pradesh
up weather heat wave alert districts strong heat waves imd alert rain mausam barish ki khabar

UP Weather: यूपी के कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, मेरठ सहित कई जिलों में तेज लू चल सकती है। कई जिलों में गर्मी पहले ही कहर बरपा रही है। कानपुर में सुबह से खिली तेज धूप और रफ्तार भरती लू के चलते वातावरण में नमी का प्रतिशत खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। नमी का न्यूनतम प्रतिशत मात्र 13 रह गया। यह सीजन की सबसे कम नमी है। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर रविवार को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार तक फिलहाल राहत नहीं मिलेगी।
रविवार का दिन लू के नाम रहा। सुबह से ही 25-35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से लू चलना शुरू हो गई। दोपहर बाद लू की गति 40 से 45 किमी प्रति घंटा हो गई। तेज रफ्तार लू के बीच चलना राहगीरों के लिए मुश्किल हो गया। विपरीत हवा की दिशा में वाहन चलाने में भी दिक्कत हुई। हवा की दिशा भी दक्षिण पश्चिम हो गई।
प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर कानपुर
एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 42.7 और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वाराणसी के बाद यह सबसे गर्म दिन रहा। सीएसए और बर्रा वेदर स्टेशन पर अधिकतम पारा 40.2 और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कानपुर का अधिकतम तापमान 40.2 और न्यूनतम 23.4 डिग्री रहा।
नमी खतरनाक स्तर पर पहुंची
तेज लू के चलते वातावरण की नमी उड़ गई। मात्र 13 प्रतिशत न्यूनतम नमी रही, जो दोपहर बाद की है। धूप में लंबे समय तक रहना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। नमी खतरनाक स्तर पर पहुंचने से हीट स्ट्रोक के खतरे बढ़ जाते हैं।
अभी राहत की संभावना नहीं
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि फिलहाल तेज लू से राहत नहीं मिलेगी। अगले 48 घंटों में हीट वेव का रूप और खतरनाक हो सकता है। लगातार तापमान चढ़ने से यदि कम दबाव का क्षेत्र बनता है तो ऐसे में या तो लू की रफ्तार बढ़ जाएगी या आंधी आ सकती है।
तेज लू से मुरझाए चेहरे
मौसम का मिजाज रविवार को फिर तल्ख हो गया। तेज रफ्तार चली लू ने चेहरे मुरझा दिए। प्रयागराज में सुबह से ही शुरू हुई गर्म हवाएं (हीट वेव) शाम तक जारी रहीं। तापमान शनिवार की तुलना में आंशिक उछाल के साथ 42.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज धूप के बीच 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक हीट वेव जारी रहने की संभावना जताई है।
दिन के साथ ही रात का भी पारा बढ़ने लगा है। न्यूनतम तापमान अपने औसत 25.0 डिग्री सेल्सियस से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके कारण रात में भी गर्मी सताने लगी है। रविवार को दिन निकलने के साथ ही पारे में उछाल शुरू हो गया। सुबह आठ बजे तक 36 डिग्री सेल्सियस तो 10 बजते-बजते यह 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। दोपहर एक बजे तक तीखी धूप लोगों को आग की लपट जैसी महसूस होने लगी। करीब 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने से शरीर झुलसने का अहसास होने लगा। बाहर निकले लोगों को गर्म हवा के झोकों से बचने के लिए चेहरा और शरीर कपड़ों से ढंकना पड़ा। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि आगामी एक मई तक गर्मी का कहर जारी रहने का पूर्वानुमान है।
दो दिन तेज धूप के बाद चलेगी धूल भरी आंधी
बरेली में मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गर्मी का प्रकोप अभी और बढ़ेगा। अगले दो दिनों तक तापमान बढ़ने के आसार है जिससे फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वही मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दो दिन तेज धूप निकलने के बाद धूल भरी तेज हवाएं भी चल सकती हैं। तापमान में मामूली गिरावट होगी लेकिन उसे गर्मी का असर कम होने के आसार नहीं है।
रविवार को बरेली का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से थोड़ा कम है। बीते 24 घंटे में तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन गर्मी के प्रचंड रूप में कोई अंतर नहीं पड़ा है। दिन में तेज धूप के चलते सड़कों पर आवाजाही कम रही। वहीं रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 48 घंटे बाद बरेली में तेज हवाएं चलेंगी। धूल भरी आंधी चलने के भी आसार हैं। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन मौसम अभी गर्म बना रहेगा।
कड़ी धूप और तेज गर्मी ने बढ़ा दी आंखों की बीमारी
मौसम में हो रहे बदलाव और तेजी से बढ़ रही गर्मी से बुखार-डायरिया ही नहीं आंख की बीमारियां भी बढ़ रही है। कड़ी धूप के चलते आंखों में जलन होना, पानी गिरना और सूखापन जैसी दिक्कत हो रही है। जिला चिकित्सालय, सीएचसी और प्राइवेट अस्पताल में आंख की परेशानी वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सबसे अधिक परेशानी ऐसे मरीजों को हो रही है जो पहले से ही आंख की किसी अन्य बीमारी से पीड़ित है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में पिछले दो सप्ताह में आंख की बीमारी वाले मरीजों की संख्या करीब 30 फीसदी बढ़ गई है। यही हाल सीतापुर आंख अस्पताल का भी है। यहां भी बीते दो सप्ताह में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसकी वजह है अचानक तापमान का बढ़ना और तेज धूप। बीते कई दिनों से तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो रहा है और सुबह 9 के बाद ही कड़ी धूप निकल रही है। ऐसे में खुले में काम करने वाले लोगों की आंख धूप के चलते बीमार हो रही है।
क्या बोले डॉक्टर
बरेली जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय ने कहा कि धूप के चलते आंखों में कई तरह की परेशानी हो सकती है। खासकर आंख लाल होना, पानी आना व आंखों में सूखे पन की दिक्कत बढ़ जाती है।
आंखों का रखें ख्याल
– घर से निकलते समय धूप से बचाव को काला चश्मा जरूर लगाए
– अधिक देर तक स्क्रीन के सामने काम न करें
– आंखों में सूखापन या खुजली हो रही है तो कतई रगड़े नहीं
-आंखों में ड्राइनेस होने पर ठंडे पानी से धोएं
-चौड़ी किनारे वाली टोपी यूवीए व यूवीबी किरणों से आंख बचाती है