Madhya Pradesh
mp weather update imd bhopal temperature madhya pradesh weather forecast mausam
ऐप पर पढ़ें
MP weather update: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राज्य के कई शहरों में रात का तापमान लुढ़ककर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक, राज्य के करीब दो दर्जन से अधिक शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। वहीं सतना और नौगांव में भारी शीतलहर देखने को मिला।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही ग्वालियर, चंबल, रीवा एवं सागर संभाग के जिलों में घना कोहरा बना रहा। ग्वालियर में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में ठंड का प्रभाव कई स्थानों पर देखने को मिला है।
अगले चौबीस घंटे का मौसम कैसा?
मौसम विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि मध्य प्रदेश के खंडवा, खरगोन, सिवनी, छतरपुर और भिंड जिले में अगले चौबीस घंटों के दौरान शीतल दिन रहने के आसार हैं। यानी इन इलाकों में अगले चौबीस घंटों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। वहीं सतना और सागर जिले में शीतलहर के आसार हैं। राज्य के कई जिलों में पारा 10 डिग्री के नीचे पहुंच गई है।
राज्य के मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली और सीधी जिले में हल्के से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। इसी तरह ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, मऊगंज और छतरपुर जिले में मध्यम से घना कोहरे के आसार हैं। प्रदेश की राजधानी भोपाल में सुबह के समय धूप खिलने से ठंड से राहत रही। शाम के पहर ठंड ने असर दिखाने लगा। अगले चौबीस घंटों के दौरान मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है।