Blog
Shivratri Recipe Paan Thandai – महाशिवरात्रि पर भोलेबाबा को लगाएं पान ठंडाई का भोग, रेसिपी न्यूज

ऐप पर पढ़ें
Paan Thandai For Mahashivratri Bhog: देशभर में हर साल भोलेबाबा के भक्त महाशिवरात्रि का पर्व बेहद उत्साह के साथ मनाते हैं। इस साल महाशिवरात्रि 8 मार्च, शुक्रवार के दिन मनाई जाएगी। पौराणिक कथाओं के अनुसार इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। यही वजह है कि इस दिन को महाशिवरात्रि के नाम से जाना जाता है। इस दिन भोलेनाथ के भक्त महादेव को उनकी प्रिय चीजों का भोग लगाकर प्रसन्न करने की कोशिश करते हैं। महादेव की पसंदीदा चीजों में ठंडाई का नाम भी शामिल है। इसलिए महाशिवरात्रि के दिन उन्हें ठंडाई का भोग जरूर लगाया जाता है। इतना ही नहीं महाशिवरात्रि के दिन लोग ठंडाई को प्रसाद के रूप में भी भक्तों के बीच बांटते हैं। अगर आप भी भोले बाबा को प्रसन्न करने के लिए घर पर ही ठंडाई का भोग तैयार करना चाहते हैं तो फॉलो करें पान ठंडाई बनाने की ये रेसिपी।
पान ठंडाई बनाने के लिए सामग्री-
-1/2 कप बादाम
-1/2 कप पिस्ता
-1/2 कप काजू
-5-6 गुलाब की पत्तियां
-2 बड़े चम्मच चीनी
-2 पान के पत्ते
-1 बूंद हरा रंग
-गार्निश करने के लिए गुलकंद
-1 कप ठंडा दूध
-2 गिलास गर्म पानी
-1 छोटा चम्मच मेलन सीड्स
-1 छोटा चम्मच खसखस
-1 छोटा चम्मच सौंफ
-2 इलायची
-4-5 केसर के धागे
पान ठंडाई बनाने का तरीका-
पान ठंडाई बनाने के लिए सबसे पहले बादाम,पिस्ता,काजू, मेलन सीड्स,खसखस,सौंफ,इलायची,केसर और गुलाब की पत्तियों को गर्म पानी में डालकर 2 घंटे के लिए रख दें। इसके बाद इन चीजों को मिक्सी में डालकर उनका एक स्मूथ पेस्ट बनाकर तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को मिक्सी में डालकर पान के पत्ते,चीनी,दूध और हरा रंग डालकर ब्लेंड कर लें। आपकी पान ठंडाई बनकर तैयार है। इसे किसी कांच के गिलास में डालकर ऊपर से 2 बर्फ के टुकड़े डालें। इसके बाद ठंडाई को गुलकंद से सजाकर सर्व करें।