Madhya Pradesh
madhya pradesh weather cold waves conditions to prevail Gwalior coldest in state IMD update on relief
ऐप पर पढ़ें
MP Weather: मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर सूबे पर पड़ रहा है। गुरुवार को ग्वालियर और खजुराहो में कोल्ड-डे दर्ज किया गया। सूबे के ग्वालियर चंबल अंचल में इन दिनों कड़ाके की ठंड का दौर चल रहा है। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया है और अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। ग्वालियर प्रदेश भर में सबसे अधिक ठंडा जिला बन गया है और ठंड के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश में ठंड का असर जारी रहेगा। राजधानी भोपाल और सूबे के प्रमुख शहरों में औसत तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 20 जनवरी के बाद रात में तापमान और गिरने के आसार हैं। गुरुवार की रात दतिया और नौगांव में सबसे कम 3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अगले कुछ दिन सूबे में ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
ग्वालियर में कड़ाके की ठंड
IMD के मुताबिक, बीते रोज ग्वालियर प्रदेश में सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक नीचे आ गया है और अधिकतम तापमान भी 15 डिग्री तक पहुंच गया है। IMD के ग्वालियर केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक हुकम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी क्षेत्र से आ रही हवाओं के कारण मौसम में यह परिवर्तन देखने को मिल रहा है। 25 से 26 जनवरी तक ठंड जारी रहेगी। इसके बाद कुछ परिवर्तन हो सकता है और सर्दी में भी कमी आएगी।
गौरतलब हो, देश के उत्तरी भागों में शीतलहर चल रही है। ग्वालियर भी उत्तरी क्षेत्र से लगा हुआ है इस कारण शीतलहर का पूरा असर यहां देखने को मिल रहा है लेकिन प्रदेश के अन्य स्थानों तक यह शीत लहर नहीं पहुंच पा रही है इस कारण ग्वालियर प्रदेश में सबसे ठंडा शहर बना है।
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के अनुसार, सूबे में ठंड और कोहरा का कहर 25-26 जनवरी तक जारी रहेगा। प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। 26 जनवरी के बाद, ठंड से राहत मिलने के आसार हैं। दैनिक तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है।
(रिपोर्ट: अमित गौर)