Uttar Pradesh
Lord Ram Had Connection With UP Agra Singma Village Rishi Priest performed Son Kameshthi Yagya with King Dashrath
ऐप पर पढ़ें
अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर उत्साह का माहौल है। मंदिर में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी उनकी बहन के ससुराल शृंगबेरपुर (सींगना) में भी है। रुनकता क्षेत्र में यमुना के तट पर बसा सींगना गांव श्रृंगी ऋषि की जन्म स्थली और तपोस्थल है। पौराणिक मान्यता है कि श्रृंगी ऋषि ने ही महाराज दशरथ के लिए पुत्र कामेष्टि यज्ञ किया था। इस यज्ञ के फलस्वरूप ही चारों भाइयों का जन्म हुआ था। श्रीराम की बहन शांता का विवाह श्रृंगी ऋषि के साथ हुआ था।
यमुना तट पर बने श्रृंगी ऋषि आश्रम का बड़ा महत्व है। सींगना गांव से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर खादर में श्रृंगी ऋषि का आश्रम बना हुआ है। आश्रम के महंत बाबा निर्णय दास महाराज के मुताबिक धार्मिक ग्रंथों के अनुसार जब महाराज दशरथ को कोई पुत्र प्राप्त नहीं हुआ तो उन्होंने गुरु वशिष्ठ के समक्ष अपनी वेदना व्यक्त की। तब गुरु वशिष्ठ ने उन्हें श्रृंगी ऋषि का नाम सुझाते हुए पुत्र कामेष्टि यज्ञ कराने को कहा।
श्रृंगी ऋषि ने महाराज दशरथ के लिए पुत्र कामेष्टि यज्ञ किया। तब राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का जन्म हुआ था। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान राम की बहन की शांता का विवाह श्रृंगी ऋषि के साथ हुआ था। इस रिश्ते से श्रृंगी ऋषि भगवान राम के बहनोई थे। सींगना गांव से सटे सूर सरोवर पक्षी विहार की कीठम झील में भगवान श्रीराम की बहन शांता के नाम पर शांता घाट भी बनाया गया है।
प्राण प्रतिष्ठा के दिन होंगे कार्यक्रम बाबा निर्णय दास महाराज ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर गांव और आश्रम में उत्साह का माहौल है। 22 को सुबह कलश यात्रा निकाली जाएगी। दिन में भजन और भंडारे का कार्यक्रम होगा। 25 जनवरी से नौ दिवसीय रामचरित मानस पाठ का आयोजन किया जाएगा