Madhya Pradesh
harda factory blast viral video fire in sky debris in air loud explosion many injured
ऐप पर पढ़ें
सड़क पर दर्जनों लोग खड़े हैं जो आसमान में दिख रहे आग के गोले और धुएं को मोबाइल के कैमरे में कैद कर रहे हैं। तभी जोरदार धमाका होने लगता है। आग का एक भयानक शोला आसमान में दिखता है। हवा में चारों तरफ मलबा उड़ने लगता है। सभी जोर-जोर से चिल्ला कर भागने लगते हैं। यह कोई फिल्मी सीन नहीं बल्कि मध्य प्रदेश के हरदा के पटाखा फैक्ट्री धमाके का खौफनाक मंजर है। एक वीडियो सामने आया है जिसमें बाइक सवार युवक ने उस हादसे को रिकॉर्ड कर लिया जिसमें अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है और कई दर्जन लोग झुलस गए हैं।
वीडियो बनाने वालों पर ऐसे टूटा कहर
वीडियो में देखा जा सकता है कि आसपास के लोग और राहगीर धमाके के बाद उठ रहे धुएं को देख रहे हैं, साथ में वीडियो भी बना रहे हैं। सड़क पर जाम लगा हुआ है। तभी विस्फोट की आवाज तेज हो जाती है। लोग भागना शुरू कर देते हैं। धमाके की आवाज इतनी भयानक हो जाती है, जैसे कोई ज्वालामुखी फट गया हो। वीडियो शूट कर रहा शख्स ‘भागो-भागो’ चिल्लाने लगता है। वह सड़क से अपनी बाइक को खेतों की ओर बढ़ा देता है। कई लोग खेतों में भी दौड़ते हुए दिखते हैं। एक और जोरदार धमाका होता है और हवा में मलबा उड़ने लगता है।
हवा में उड़ गया शख्स
इस हादसे का एक और वीडियो सामने आया था जिसमें वीडियो शूट कर रहा एक शख्स हवा में उड़ गया था। जानकारी के मुताबिक, वीडियो रिकॉर्ड करने के चलते कई लोग घायल हो गए। आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो में दिख रहा मंजर प्रलय जैसा लग रहा है।
यह भी पढ़िए: पटाखा फैक्ट्री धमाके का सबसे पहला वीडियो, हवा में उड़ने लगा शख्स
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मंगलवार की शाम पटाखा फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमेश अग्रवाल और रफीक खान को भी पकड़ा है। तीनों फैक्ट्री के पार्टनर हैं। तीनों को राजगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। वे मध्य प्रदेश छोड़कर कहीं भागने की फिराक में थे।
इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 200 के करीब लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सीएम मोहन यादव ने एक आपात बैठक बुलाई और ऐक्शन मोड में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने का निर्देश दिया था। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएम मोहन घायलों से मिलने हॉस्पिटल भी पहुंचे। उन्होंने मुआवजे का भी ऐलान किया है। वहीं पीएम मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताया और मुआवजे का ऐलान किया। हादसे के करीब 26 घंटे बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।
रिपोर्ट- विजेन्द्र यादव