Delhi
from Singhu border to AAP-BJP office why heavy police deployment in Delhi Traffic will be disrupted on dindayal marg

ऐप पर पढ़ें
राजधानी दिल्ली में सुबह से ही गहमागहमी बढ़ी हुई है। दिल्ली के कई इलाके पुलिस छावनी में तब्दील हो चुके हैं। कई तस्वीरें ऐसी आई हैं जिसमें नजर आ रहा है कि सड़कों पर भारी पुलिस बल की तैनाती है और पुलिस वाहनों की भी गहन चेकिंग कर रही है। सुबह से ही पुलिस की इस तैनाती ने लोगों को चौंकाया भी है। दरअसल आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों ही पार्टियों ने प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया है। सिंघू बॉर्डर से लेकर AAP-BJP के दफ्तर तक पुलिस की तैनाती की गई है।
दरअसल आप चंडीगढ़ में हुए महापौर पद के चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी, वहीं भाजपा ने कहा है कि उसके सदस्य अरविंद केजरीवाल सरकार के ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ आप मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे। दोनों पार्टियों का मुख्यालय पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर है और इनके बीच की दूरी 800 मीटर से भी कम है।
इस मार्ग पर यातायात प्रभावित
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उचित इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा, ”प्रदर्शन को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है। किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।” पुलिस ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर यातायात प्रभावित होगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होंगे।
ED के सामने नहीं जाएंगे केजरीवाल
इधऱ अरविंद केजरीवाल एक बार फिर ED के सामने पेश नहीं होंगे। ईडी के पांचवें समन के बाद एक बार दिल्ली के सीएम ने इस समन को गैरकानूनी बताया है। AAP की तरफ से कहा गया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज भी ईडी के सामने पेश नहीं होंगे। पार्टी ने समन को “गैरकानूनी” बताया है। हम वैध समन का पालन करेंगे। पीएम मोदी का लक्ष्य अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना और दिल्ली सरकार को गिराना है। हम ऐसा नहीं होने देंगे।
BJP की बड़ी तैयारी
भाजपा की दिल्ली इकाई ने कहा कि उसके अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी अन्य लोगों के साथ केजरीवाल सरकार के ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED के समन पर भाजपा नेता हरीश खुराना ने कहा, “…अरविंद केजरीवाल इसे(ED के समन को) गैरकानूनी कह रहे हैं… सवाल ये उठता है कि यदि ये समन गैरकानूनी है तो आप कोर्ट क्यों नहीं जा रहे हैं?… ये INDIA गठबंधन के सभी नेताओं का टूलकिट है… 10 बार समन टालने के बाद हेमंत सोरेन को भी ED के सामने पेश होना पड़ा… अरविंद केजरीवाल, कल अगर ED ने आपके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तो आप बेचारा बनने की कोशिश मत कीजिएगा…”