Delhi
Delhi Weather Update 18 january Delhi Cold wave IMD Rainfall Alert Weather Forecast Aaj ka mausam mausam ki jankari Temp today in Hindi
Delhi Weather: दिल्ली के न्यूनतम तापमान में बीते चार दिनों में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते दिल्ली को कड़ाके की ठंड से तो राहत मिली है लेकिन सर्द हवाओं के चलते मौसम में गलन बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। पालम मौसम केन्द्र में सुबह घने कोहरे के चलते दृश्यता का स्तर 50 मीटर तक गिर गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंटने लगा और दृश्यता के स्तर में इजाफा हुआ। दिन में नौ बजे के बाद खिली हुई धूप निकलने लगी। इससे दिल्ली की मौसम आमतौर पर खुशनुमा रहा। हालांकि, उच्च हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली हवाओं के चलते सुबह और शाम के समय गलन का अहसास बना रहा। राजधानी की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि, न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह दोनों ही सामान्य से एक-एक डिग्री कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 100 से 56 फीसदी तक रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के मयूर विहार क्षेत्र में दिन के समय सबसे ज्यादा ठंड रही। यहां का अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, नरेला क्षेत्र का अधिकतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, रिज क्षेत्र की सुबह सबसे ज्यादा ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
दो दिन का येलो अलर्टः
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच भी सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इसे देखते हुए शुक्रवार और शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
चार दिनों में तीन डिग्री बढ़ा न्यूनतम पाराः
18 जनवरी-6.6 डिग्री सेल्सियस
17 जनवरी-5.7 डिग्री सेल्सियस
16 जनवरी-3.5 डिग्री सेल्सियस
15 जनवरी-3.3 डिग्री सेल्सियस