Delhi
Delhi IMD Weather Alert 26 March Weather Update delhi weather change delhi Barish IMD Rainfall Alert Delhi Weather Forecast
ऐप पर पढ़ें
Delhi IMD Rainfall Alert: राजधानी दिल्ली में मंगलवार का तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन इसमें बढ़ोतरी का क्रम बना रहेगा। हालांकि, बाद में पश्चिमी विक्षोभ के चलते हल्की बूंदाबांदी से बदलाव देखने को मिलेगा। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार को तेज धूप के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ। सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह इस साल में अब तक का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान है।
इससे पहले 24 मार्च को दिन का पारा 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पीतमपुरा, नजफगढ़, आयानगर और रिज जैसे कई मौसम केन्द्रों में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा। राजधानी में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। सफदरजंग में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य तापमान है। आर्द्रता का स्तर 90 से 26 फीसदी तक रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को भी गर्मी का यह रुख बना रहेगा।
अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जबकि, गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार की शाम से एक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली के मौसम पर देखने को मिल सकता है। इसके चलते दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। तेज हवा के साथ होने वाली इस बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट आएगी।
वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी में रहा
मौसम की इन गतिविधियों के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 134 अंकों पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच हवा का यह साफ-सुथरा स्तर बना रहने का अनुमान है।