Uttar Pradesh
crowd will increase further in ramlala ram mandir people coming in groups of rss bjp vhp
ऐप पर पढ़ें
Ram Mandir News: प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही अयोध्या में रामलला के दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। अब यह भीड़ और बढ़ने वाली है। आरएसएस, भाजपा और विहिप द्वारा बुलाए गए जत्थों का अयोध्या पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। संघ ने अपने हर संगठनात्मक प्रांत से करीब दो हजार लोगों को अयोध्या दर्शन के लिए आमंत्रित किया है। वहीं भाजपा ने हर लोकसभा क्षेत्र से 5 से 6 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कानपुर देहात से काफी संख्या में लोग रामलला के दर्शन को पहुंचे।
आगामी लोकसभा चुनाव में राममंदिर निर्माण भी भाजपा का चुनावी मुद्दा होगा। भव्य प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब लोकसभा चुनाव तक राम मंदिर चर्चा में रहने वाला है। इसे लेकर संघ और भाजपा ने बड़ा रोडमैप तैयार किया है। यूपी सहित देशभर से बड़ी संख्या में लोगों को ट्रेन, बसों और अन्य वाहनों से सिलसिलेवार अयोध्या लाया जाना है। देशभर से इसके लिए 1200 से अधिक स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। आने-जाने से लेकर दर्शन, भोजन सबकी व्यवस्था की गई है।
पहले यह व्यवस्था पहले 25 जनवरी से निर्धारित की थी। मगर प्राण प्रतिष्ठा के बाद खुद उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते संघ-भाजपा ने अपनी रणनीति में थोड़ा बदलाव किया। इसे फरवरी के पहले सप्ताह से शुरू करने का निर्णय लिया गया। भाजपा के लोगों के अयोध्या पहुंचने का सिलसिला शुक्रवार से शुरू हो गया। कानपुर देहात के लोगों ने दर्शन किए। शनिवार को लखीमपुर और रविवार को संभल के लोग पहुंचेंगे। उसी दिन शाम को बाराबंकी के लोग भी पहुंच जाएंगे, मगर दर्शन सोमवार को करेंगे। इसी तरह जिलेवार लोगों को अयोध्या बुलाया गया है।