Madhya Pradesh
congress leader jitendra singh says kamal nath to joins rahul gandhi bharat jodo nyay yatra – बदलेगा कमलनाथ का मन? क्या राहुल गांधी की यात्रा में होंगे शामिल; करीबी ने क्या किया दावा
ऐप पर पढ़ें
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ (Kamal Nath) की भाजपा में जाने की अटकलों के बीच, कांग्रेस महासचिव जितेंद्र सिंह (Jitendra Singh) ने सोमवार को दावा किया कि अनुभवी नेता और उनके बेटे नकुलनाथ राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि कमलनाथ के पाला बदलने और बीजेपी में शामिल होने की अटकलें भारतीय जनता पार्टी और मीडिया द्वारा फैलाई गई हैं।
कांग्रेस महासचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कमलनाथ के कांग्रेस छोड़ने और भाजपा में जाने संबंधी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। जितेंद्र सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कमलनाथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ जब मध्य प्रदेश में पहुंचेगी तब वह इसमें शामिल होंगे। जितेंद्र सिंह ने यह दावा भी किया कि कमलनाथ को लेकर जो अटकलें हैं वो सब भाजपा का किया धरा है।
जितेंद्र सिंह ने कमलनाथ जी को लेकर जो भी अटकलें चल रही हैं, ये सब भाजपा और मीडिया के एक हिस्से की ओर से फैलाई गई हैं। ये दुष्प्रचार है। मेरी बीते दोनों दिन रविवार और शनिवार को कमलनाथ जी से बात हुई थी। मेरी उनसे ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को लेकर चर्चा हुई कि यात्रा में किस तरह से तैयारियां करनी हैं। मैं मंगलवार मैं भोपाल जा रहा हूं। मेरी मध्य प्रदेश के सांसद, विधायकों और नेताओं के साथ बैठक होगी जिसमें कमलनाथ भी शामिल होंगे।
जितेंद्र सिंह ने यह भी दावा किया कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ कमलनाथ जी के सुझाव के हिसाब से चलेगी। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में कमलनाथ जी प्रमुख रूप से भाग लेंगे। जितेंद्र सिंह से जब पूछा गया कि कमलनाथ या उनके बेटे नकुलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलें हैं? उन्होंने कहा कि ये सारी बातें अफवाहें हैं। भाजपा दुष्प्रचार फैलाती है। कमलनाथ के साथ ही उनके बेटे नकुलनाथ भी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में भाग लेंगे। माना जा रहा है कि यात्रा मार्च की शुरुआत में एमपी में दाखिल होगी।