Uttar Pradesh
before the verdict on irfan solanki tight security in court campus surveillance at every corner
ऐप पर पढ़ें
Irfan Solanki Case: समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी समेत पांच आरोपियों के खिलाफ आज कोर्ट से फैसला आना है। इसके मद्देनज़र कानपुर कचहरी परिसर आज सुबह से ही छावनी में तब्दील दिख रहा है। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। इस बीच कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ विधायक इरफान सोलंकी को महराजगंज जेल से कानपुर ले जाया जा रहा है। एम
इरफान सोलंकी के आगजनी और आचार संहिता उल्लंघन मामले में फैसला आना है। एमपी-एमएलए कोर्ट आज अपना फैसला सुना सकती है। कानपुर के जाजमऊ में नजीर फातिमा के प्लाट में बनी झोपड़ी में आग लगाने के मामले में सपा विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ जाजमऊ थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। बाद में जाजमऊ पुलिस ने 10 और को आरोपित बनाया था। मंगलवार को एमपीएमएलए सेशन कोर्ट में 12 आरोपितों में से इरफान सोलंकी, रिजवान सोलंकी, शौकत पहलवान, इजराइल आटावाला और मोहम्मद शरीफ पर फैसला सुनाया जा सकता है। अन्य सात आरोपियों की चार्जशीट बाद में आने के चलते उनकी अभी तक गवाही नहीं हो सकी है।
डीजीसी क्रिमिनल दिलीप अवस्थी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने पहले विधायक इरफान सोलंकी और रिजवान सोलंकी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। बाद में शौकत पहलवान, इजराइल आटावाला और मोहम्मद शरीफ पर एक साथ पूरक चार्जशीट जाजमऊ पुलिस ने दाखिल की थी। इसमें बहस पूरी हो चुकी है।
क्या था आगजनी का मामला
जाजमऊ डिफेंस कालोनी निवासी नजीर फातिमा ने 8 नवम्बर 2022 को विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसमें आरोप लगाया था कि नजीर फातिमा के प्लाट में बनी झोपड़ी में आरोपित जबरन कब्जा करना चाहते हैं। 7 नवम्बर 2022 की रात आठ बजे नजीर फातिमा का परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। विधायक और उनके भाई ने नजीर फातिमा की झोपड़ी में आग लगा दी। जिसमें उनके गृहस्थी का सामान खाक हो गया था। रिपोर्ट जाजमऊ थाने में दर्ज की गई थी।
आचार संहिता मामले में आ सकता फैसला
कानपुर के कर्नलगंज थाने में विधायक इरफान सोलंकी, बंटी सेंगर और रोहित वर्मा उर्फ मोंटी के खिलाफ दर्ज आचार संहिता उल्लंघन के मामले में गवाही और जिरह पूरी हो चुकी है। आचार संहिता उल्लंघन मामले में भी विधायक को तलब किया गया है।