Rajasthan
एक और ट्रेन में मिला सांप, सीट के नीचे देख मच गया हड़कंप; निकला नहीं बाहर
कोटा रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया। जब ट्रेन के अंदर यात्रियों ने सांप देखकर शोर मचाना शुरू किया। सांप एसी कोच में सीट के नीचे देखा गया।हालांकि, यह पानी में मिलने वाला सांप था जो जहरीला नहीं होता है।
कोटा रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया। जब ट्रेन के अंदर यात्रियों ने सांप देखकर शोर मचाना शुरू किया। सांप एसी कोच में सीट के नीचे देखा गया। यात्री इधर-उधर भागने लगे। इस बीच ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। अजमेर से जबलपुर जा रही दयोदय एक्सप्रेस से सांप को काफी मशक्कत के बाद भी नहीं निकाला जा सका। बाद में ट्रेन को सांप के साथ ही रवाना कर दिया गया। हाल ही में जबलपुर से मुंबई जा रही ट्रेन में भी सांप मिला था।
वाटर स्नेक का पता लगने पर मिली राहत
स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि जैसे ही ट्रेन में सांप के आने की सूचना मिली तत्काल ही इसकी जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए और सांप के बारे में जानकारी जुटाई। गोविंद ने बताया कि ये वाटर स्नेक है जो कि नुकसान नहीं पहुंचता है। हालांकि सांप को देख यात्रियों ने कोच में जाने से मना कर दिया था। वही स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने सांप को बाहर निकालने की काफी मशक्कत की। लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
यात्रियों को किया गया दूसरे कोच में शिफ्ट
इसी बीच रेलवे प्रशासन ने पहले तो ट्रेन से इस कोच को अलग करने की तैयारी कर ली। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद इस कोच के यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं इस कोच के अंदर रेलवे के अधिकारी भी मौजूद थे जो की जबलपुर मुख्यालय जा रहे थे। ऐसे में ट्रेन भी डेढ़ घंटे लेट हो चुकी थी। इसलिए ट्रेन को जबलपुर के लिए रवाना कर दिया गया। गोविंद शर्मा ने यात्रियों को भी विश्वास दिलाया कि यह सांप नुकसान नहीं पहुंचाएगा।
जबलपुर-मुंबई गरीब रथ में भी मिला था सांप
तीन दिन पहले ही ट्रेन में सांप मिलने का एक और मामला सामने आया था। जबलपुर-मुंबई गरीब रथ ट्रेन के G17 कोच में एक सांप मिला था। यात्रियों को दूसरे कोच में भेजकर उस कोच को लॉक कर दिया गया था।