Rajasthan

‘किसने रोका…’ CM योगी की किस बात पर भड़क गए सचिन पायलट, 370 पर भी दिया जवाब

Published

on


बीते दिनों उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि भाजपा के सत्ता में लौटने के बाद पीओके, जम्मू कश्मीर का हिस्सा बन जाएगा। उनके इस बयान पर राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुझे हैरानी है कि एक राज्य का मुख्यमंत्री ठीक चुनाव के दौरान यह बयान दे रहा है। वे पिछले 10 साल से सत्ता में हैं। मैं आपको याद दिला दूं कि संसद ने पहली बार 1994 में पीओके को वापस लेने का एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया था और तब कांग्रेस की सरकार थी। हम सत्ता में थे और हमने संसद के जरिए यह प्रयास किया था।

योगी आदित्यनाथ के बयान को लेकर सचिन पायलट ने भाजपा पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा 10 साल से सत्ता में है, 10 साल तक उसके पास पूर्ण बहुमत रहा, उन्हें यह कदम उठाने से किसने रोका? अनुच्छेद 370 को लेकर भाजपा द्वारा कांग्रेस पर निशाना साधे जाने और कांग्रेस के प्रदेश का विशेष दर्जा बहाल करने के दावे के बारे में पूछे जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुझे लगता है कि ये सभी चुनावी भाषण हैं और कांग्रेस का रुख बहुत स्पष्ट है कि जैसे ही हमें जनादेश मिलता है और हम गठबंधन की सरकार बनाएंगे तो सबसे पहले हम जम्मू कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करेंगे।

पायलट ने कहा कि हमारे देश के इतिहास में पहले कभी किसी राज्य को कमजोर करते हुए केंद्र शासित प्रदेश नहीं बनाया गया। कांग्रेस ने साफ कहा है कि उसकी शीर्ष प्राथमिकता राज्य का दर्जा बहाल करने की होगी, यह सीधे जम्मू कश्मीर के लोगों के आत्मसम्मान और गरिमा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और कांग्रेस के लिए अच्छे चुनावी नतीजे के बाद राहुल गांधी ने भाजपा नीत सरकार के सभी मोर्चों पर विफल होने पर केंद्र को निशाने पर लिया है।

जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहा रहा है। पहले चरण में 24 सीटों के लिए 18 सितंबर को मतदान हुआ था। दूसरे चरण में 26 सीटों के लिए 25 सितंबर को मतदान हुआ और तीसरे एवं अंतिम चरण के मतदान में एक अक्टूबर को 40 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान पांच अक्टूबर को होगा। जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोट काउंटिंग आठ अक्टूबर को होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version