Rajasthan
सफाई कर्मचारियों की भर्ती पर आया बड़ा अपडेट, मंत्री खर्रा ने कहीं ये बात
राजस्थान के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा है कि अगले सप्ताह तक सफाई कर्मचारियों की भर्ती विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने स्पष्ट किया कि हाल ही में सफाई कर्मचारी भर्ती की पत्रावली पर हस्ताक्षर कर फाइल विधि विभाग को परीक्षण के लिए भेजी है। अगले सप्ताह तक नई भर्ती विज्ञप्ति जारी हो जाएगी। वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी संविधान प्रदत्त होगा वो नई भर्ती विज्ञप्ति में शामिल होगा।
वाल्मीकि समाज की 13 दिन तक हड़ताल चली थी। इसके बाद सफाई कर्मचारियों की पुरानी भर्ती निरस्त कर दी गई थी। उस समय सरकार ने भरोसा दिलाया था कि नई भर्ती में नगरीय निकायों से मिलने वाले अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर परंपरागत सफाई का काम करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। संयुक्त वाल्मीकि सफाई श्रमिक संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया के मुताबिक सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के बाद सरकार ने एक समझौता किया था। इसके तहत पुरानी भर्ती निरस्त कर दी गई थी और 24 हजार 797 पदों पर सफाई कर्मचारियों की नए नियमों के साथ नई भर्ती विज्ञप्ति निकाली जाएगी, ताकि वाल्मीकि समाज के लोग ज्यादा से ज्यादा इस भर्ती में शामिल हो।
उन्होंने सरकार के सामने मांग रखी गई थी कि जिन लोगों ने पहले नगरीय निकायों में ठेके, मस्टररोल या बीट पर सफाई का कार्य किया है। उन्हें प्राथमिकता मिले. उम्मीद है कि इस मांग को ध्यान में रखते हुए नगरीय निकायों में काम करने का अनुभव प्रमाण पत्र मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले नगरीय निकायों में वाल्मीकि समाज के लोगों ने ही काम किया हुआ है, इसलिए इस भर्ती में ज्यादा से ज्यादा वाल्मीकि समाज के लोग ही भर्ती होंगे।
इस संबंध में स्वायत्त शासन सचिव से भी वार्ता की है। उन्होंने भी आश्वस्त किया है कि एक-दो दिन में भर्ती विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी।हालांकि उन्होंने कहा कि प्रदेश में सफाई कर्मचारियों के पद रिक्त चल रहे हैं. ऐसे में पूर्ववर्ती सरकार ने बजट में 30 हजार सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जो घोषणा की थी, नई भर्ती विज्ञप्ति में इतने ही पद सफाई कर्मचारियों के निकाले जाने चाहिए।