Uttar Pradesh

मेरठ की महिला को वृंदावन से अगवा कर राजस्थान में बेचा, कॉल की मदद से पुलिस खोज निकाला

Published

on


Share

हमें फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के मेरठ की महिला को वृंदावन से अगवा कर राजस्थान में बेच दिया। महिला के हाथ शुक्रवार शाम आरोपी का मोबाइल लग गया और उसने अपने परिजनों को फोन कर दिया। कॉल की मदद से मेरठ पुलिस ने महिला को खोज निकाला और भरतपुर पहुंच गई।

Deep Pandey हिन्दुस्तानMon, 30 Sep 2024 05:03 AM
Share

मेरठ के खरखौदा क्षेत्र निवासी एक महिला को वृंदावन से अपहरण कर बंधक बनाकर रखा गया और फिर उसे आठ हजार रुपये में राजस्थान के भरतपुर के थाना सदर बयाना इलाके के एक गांव में बेच दिया गया। महिला के हाथ शुक्रवार शाम आरोपी का मोबाइल लग गया और उसने अपने परिजनों को फोन कर दिया। कॉल की मदद से मेरठ पुलिस ने महिला को खोज निकाला और भरतपुर पहुंच गई।

खरखौदा के एक गांव निवासी महिला का 21 सितंबर को पति से विवाद हो गया। महिला वृंदावन चली गई। 22 को परिजनों ने खरखौदा थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। उधर, वृंदावन में एक युवक ने महिला को झांसे में लिया और अपने घर ले जाकर बंधक बना लिया। महिला के कुंडल लूट लिए और 24 को महिला को नशीला पदार्थ देकर राजस्थान ले गया। महिला को भरतपुर जिले के थाना रूदावल स्थित गांव ब्रह्मवाद निवासी कुंवरसिंह उर्फ कृष्णा को बेच दिया। एक दिन अपने पास रखने के बाद महिला को कुंवरपाल ने सदर बयाना थानाक्षेत्र के गांव बमूरी निवासी बदन सिंह को आठ हजार रुपये में बेच दिया।

एक कॉल से महिला तक पहुंची पुलिस

27 सितंबर की शाम को महिला के हाथ बदन सिंह का फोन लग गया। महिला ने परिजनों के नंबर पर कॉल कर बताया कि उसे राजस्थान में कहीं बेच दिया गया है और बंधक बनाकर रखा है। परिजनों ने यह नंबर तुरंत खरखौदा पुलिस को दिया। सर्विलांस टीम को नंबर देकर लोकेशन पता की गई। एक टीम को शुक्रवार देररात रवाना किया गया। शनिवार को पुलिस ने भरतपुर में स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी। बदन सिंह को सदर बयाना पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर महिला को बरामद कर लिया गया। बदन सिंह की निशानदेही पर कुंवरपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया।

रविवार को मेरठ पहुंची टीम

खरखौदा पुलिस रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर और अपहृत महिला को बरामद कर मेरठ ले आई। आरोपियों पर बंधक बनाकर रखने, अपहरण करने और मानव तस्करी की धाराएं बढ़ाई गई। महिला ने मेडिकल कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट भेजा गया। महिला को कोर्ट के आदेश पर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस कुंवरपाल की कॉल डिटेल से उस आरोपी की तलाश में लगी है, जिसने वृंदावन में महिला को अगवा कर बंधक बनाकर रखा था।

एसएसपी, मेरठ डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि खरखौदा क्षेत्र निवासी एक महिला लापता हो गई थी, जिसे मानव तस्करी करने वाले गिरोह ने पकड़ लिया था। महिला को सकुशल बरामद कर लिया है और दो की गिरफ्तारी की है। बाकी कार्रवाई प्रचलित है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version