Punjab
imd rainfall snowfall alert flights cancelled due to heavy snowfall punjab rainfall haryana rainfall – Weather today in Hindi – Aaj ka mausam, mausam ki jankari, Temp today in Hindi

Snowfall and Heavy Rainfall Alert: समूचे उत्तर भारत में इस वक्त कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। आलम यह है कि लोग रजाई से बाहर निकलने के लिए भी कतरा रहे हैं। सर्द मौसम का आलम यह है कि घाटी में बर्फबारी के कारण कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों के बीच हवाई यातायात रविवार को निलंबित हो गया। चार उड़ाने पहले ही रद्द कर दी गईं और आज के लिए बाकी उड़ानों को टाल दिया गया है। उधर, पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में जमकर बारिश हुई है। हालांकि लोगों के लिए राहत की बात यह रही कि तापमान में गिरावट दर्ज नहीं हुई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों को एडवाइजरी भी जारी की है।
कश्मीर में बर्फबारी से कई उड़ानें रद्द
भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा कि कश्मीर घाटी में बर्फबारी की वजह से एयर ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। चार उड़ानें पहले ही रद्द कर दी गई हैं, जबकि शेष निर्धारित उड़ानों को बर्फबारी के कारण स्टैंडबाय पर रखा गया है। अधिकारी ने कहा कि बर्फबारी, जो कल देर रात शुरू हुई थी, सुबह थोड़ी देर के लिए रुकी, जिससे रनवे को साफ किया जा सका। हालांकि, किसी भी उड़ान के संचालन से पहले ही बर्फबारी फिर से शुरू हो गई।
भारी बर्फबारी पर एडवाइजरी
कश्मीर के मैदानी इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो रही है जबकि घाटी के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी की खबर है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि सड़कें यातायात के लायक हैं, सुबह से ही बर्फ हटाने का काम किया जा रहा है। अधिकारियों ने सड़कों पर फिसलन को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी है।
पंजाब, हरियाणा में भारी बारिश
रविवार को पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, जबकि न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़, मोहाली, हिसार, अंबाला, लुधियाना और पटियाला समेत कई इलाकों में बारिश हुई। पंजाब के अन्य स्थानों में, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है, जबकि लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमशः 11.1 और 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।
बारिश के बाद भी तापमान ज्यादा
मौसम विभाग के मुताबिक, पठानकोट, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 9.4, 8.6, 10.8 और 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में अंबाला का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस जबकि हिसार का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल, नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 11.6, 11, 12.4, 11 और 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।